नीमच। ईट राइट कैंपेन को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने आज इंदौर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट प्रतिनिधियों से एक खास मीटिंग कर चर्चा की। बैठक में सीएमओ महेंद्र वशिष्ठ और नगरपालिका के अधिकारी भी मौजूद रहे।
यहां उल्लेखनीय है कि ईट राइट कैंपेन सरकार के खास कार्यक्रम का हिस्सा है। चूंकि ईट राइट प्रतियोगिता माह सितंबर में आयोजित होना है। इस विषय में हाल ही में नगरपालिका परिषद नीमच की बैठक में प्रस्ताव भी पारित हुआ है। प्लानिंग के अनुसार नगर पालिका दशहरा मैदान में ईट राइट कैंपेन के तहत फूड हब विकसित करना चाहती है।
नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने बताया कि हमारी मंशा है कि नीमच के दशहरा मैदान में विभिन्न स्वादिष्ट व्यंजन पूरी शुद्धता, स्वच्छता, पौष्टिकता व तमाम सुविधाओं और व्यवस्थाओं के साथ उपलब्ध हो। साथ ही दशहरा मैदान का मूल स्वरूप भी प्रभावित ना हो। फिलहाल दशहरा मैदान में तमाम तरह के खानपान की वस्तुओं की अस्थाई दुकानें लग रही है।अतिक्रमण की शिकायतें भी है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि इन परिस्थितियों में तमाम चुनौतियों से पार पाते हुए ईट राइट चैलेंज के तहत केवल 2 माह में फूडजोन बनाने की कल्पना को नगरपालिका कैसे साकार करती है।