सतना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 24 अप्रैल को पंचायत राज दिवस सम्मेलन में शामिल होने के लिए रीवा आए थे। प्रधानमंत्री मोदी ने समारोह में विन्ध्य क्षेत्र के लिए जल जीवन मिशन से 7853 करोड़ की लागत से पाँच बड़ी समूह नलजल योजनाओं का शिलान्यास किया था। इन नलजल योजनाओं में से रीवा बाणसागर समूह नलजल योजना तथा सतना बाणसागर-2 समूह नलजल योजना का का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। रीवा संभाग के कमिश्नर अनिल सुचारी ने दोनों समूह नलजल योजनाओं के निर्माण स्थल ग्राम झिन्ना तथा मरयादपुर का निरीक्षण किया। निर्माण एजेंसी द्वारा निर्माण कार्य तेजी से प्रारंभ कर दिया गया है। कमिश्नर ने कहा कि समूह नलजल योजना गांव का पेयजल संकट दूर करने की महत्वाकांक्षी योजना है। नलजल योजना का निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरा कराएं।
रीवा बाणसागर परियोजना की कुल लागत 2319 करोड़ 45 लाख रुपए है। इससे 1411 गांवों में नल से जल पहुंचेगा। सतना बाणसागर-2 परियोजना की लागत 2153 करोड़ 12 लाख रुपए है। इसमें रीवा और सतना जिले के 295 गांव लाभान्वित होंगे। निरीक्षण के समय कलेक्टर सतना अनुराग वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े तथा जल जीवन मिशन के अधिकारी उपस्थित रहे। मौके पर उपस्थित निर्माण एजेंसी दिलीप बिल्डिकान के प्रतिनिधि ने बताया कि निर्माण कार्यों के लिए सभी तैयारियाँ कर ली गई हैं। इंटेकवेल बाणसागर बांध के बीच में टापू पर बनाया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य शुरू हो गया है। जल शोधन संयंत्र का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा। निर्माण कार्यों के लिए कुल 24 माह की समय सीमा निर्धारित की गई है। इससे पहले ही निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। निर्माण कार्य के लिए पर्याप्त मशीनरी और मजदूरों की व्यवस्था कर ली गई है।