शिवपुरी। सरकार के दावों की पोल खोलने वाली और बेहद ही शर्मसार करने वाली तस्वीर शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा के पोहरी मुख्यालय से सामने आई है। जहां पोहरी नगर में लगातार हो रही बरसात और शमशान घाट पर टीनशेड न होने की वजह से शुक्रवार सुबह एक युवक की मौत होने के बाद परिजनों को घंटों तक शव को घर में रखना पड़ा। जबकि इस कस्बे की जनसंख्या 9 हजार के लगभग है। इसके बावजूद इस कस्बे के शमशान घाट पर टीन शेड की व्यबस्था नहीं हो सकी। जबकि इस कस्बे में बीजेपी विधायक और मध्यप्रदेश के पीडब्ल्यूडी राज्य मंत्री सुरेश धाकड़ (राण्ठखेड़ा) खुद भी निवास करते हैं।
आपको बता दें कि शुक्रवार पोहरी कस्बे में एक गरीब गोबिंद धानुक की मौत हो गई थी। सुबह से ही बारिश हो रही थी और शमशान घाट पर भी टीनशेड की व्यवस्था नहीं थी। इसके चलते परिजन कई घंटों तक शव को घर में रखकर वारिश बंद होने का इंतजार करते रहे। जब बारिश हल्की हुई तब कही जाकर परिजन शव को लेकर श्मशान घाट पहुंचे। जहां उन्हें हल्की बारिश के बीच तिरपाल के नीचे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को पूर्ण किया।