सिंगोली। तहसील के गांव फत्ताखेड़ी में ग्रामीणों को बारिश के पानी के घरों में घुसने वाली परेशानी से निजात नहीं मिली है। बीते दो दिनों से क्षैत्र में हुई बारिश से गांव फत्ताखेड़ी में लोगों के घरों में चूल्हे चौके तक जल मग्न हो गए।
यह जानकारी गुरुवार दोपहर गांव फत्ताखेड़ी निवासी शंकरलाल भील और नारायण लाल बलाई ने दी है। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में यहां पूरे तीन महीनो तक पानी भरा रहता है, और बारिश तेज हो तो घरों में पानी घुस जाता है, तथा चूल्हे चौके तक डूब जाते है। जबकि बिजली न हो तो लोगों को रात में घरों से निकलने में भी परेशानी होती है।
ग्रामीणों ने बताया कि बीते साल सरपंच और सचिव ने भी समस्या हल करने की बात कही थी, जबकि लोगों ने मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा को भी अवगत कराया था।
ग्रामीणों का कहना है कि मंत्री ने भी विश्वास दिलाया था कि बरसात से पहले ग्रामीणों को परेशानी से निजात मिल जायेगी, मगर ऐसा हो न सका। बुधवार और गुरुवार को क्षैत्र में हुई बारिश से एक बार फिर लोगों के घरों में पानी घुस गया और बीती रात कई लोगों के घरों में चूल्हा भी नहीं जल सका।
दर असल गांव के चारो ओर भूमि की ऊंचाई के कारण यह समस्या पैदा हुई है, चारो ओर से बहकर आने वाला पानी गांव में भर गया।
ग्रामीणों के मुताबिक यह स्थिति सालों से बनी हुई है जब पूरे बरसात के मौसम में यहां पानी भरा रहता है। जब भी मूसलधार बारिश हो जाती है तो लोगों के घरों में भी पानी भर जाता है और खाना पीना भी दुश्वार हो जाता है।