शाजापुर। जिले के मोहन बड़ोदिया क्षेत्र में एक दलित दूल्हे की बारात निकालने के दौरान डीजे पर गाना बजाने पर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। इस घटना में दूल्हे पक्ष के एक व्यक्ति को चोट आई है, जानकारी के मुताबिक भंडेरी गांव में अनिल नामक दलित दूल्हे की बारात डीजे पर निकाली जा रही थी। इस दौरान डीजे पर जय भीम का गाना बजाया जा रहा था। जिस पर गांव के कुछ लोगों द्वारा आपत्ती लेने पर विवाद शुरू हो गया और बातचीत कहासुनी से मारपीट में बदल गई। विवाद में घायल दूल्हे के रिश्तेदार धर्मेंद्र ने बताया कि मेरी मौसी के लड़के की बारात निकाली जा रही थी। इस दौरान डीजे पर जब जय भीम का गाना बजाया तो गांव के कुछ लोगों ने आपत्ति जताना शुरू कर दी और हम लोगों पर पथराव कर दिया दूल्हे पक्ष का आरोप है कि दबंगों द्वारा जानबूझकर दलित समाज के दूल्हे की बारात को रोककर विवाद किया गया। वही इस मामले में मोहन बड़ोदिया थाना प्रभारी भरत सिंह किरार ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज की है जिसके बाद दोनों पक्षों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।