विदिशा। कलेक्टर उमाशंकर भार्गव की अध्यक्षता में शनिवार को राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक कंपोजिट भवन के बेतवा सभागार में आयोजित की गई थी। इस बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉक्टर योगेश भरसट, अपर कलेक्टर अनिल कुमार डामोर समेत समस्त एसडीएम, डिप्टी कलेक्टर, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद रहे।
कलेक्टर भार्गव ने सीएम हेल्पलाइन के तहत दर्ज आवेदनों के निराकरण पर विशेष जोर देते हुए सभी एसडीएमों से कहा है कि अनुविभाग क्षेत्र अंतर्गत लंबित आवेदनों के निराकरण हेतु विशेष पहल करें संबंधित विभाग और आवेदकों को विशेष शिविरों में आमंत्रित कर संतुष्टि पूर्वक निराकरण की पहल करें उन्होंने बताया कि फाइनल रैंकिंग सूची में विदिशा बाटम-फाइव में शामिल ना हो इसके लिए अब और विशेष जोर देकर निराकरण की पहल करनी होगी। उन्होंने कहा कि ऐसे विभाग जो डी-ग्रेड सूची में शामिल हैं उनके द्वारा निराकरण के संबंध में यदि कोई कोताही बरती जाती है तो निलंबन के प्रस्ताव प्रेषित करें।
कलेक्टर भार्गव ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान गत रखते हुए सेक्टर ऑफीसरों के द्वारा मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन कार्य किया जा रहा है उनके द्वारा उपलब्ध कराई जा रही रिपोर्ट के अनुसार ऐसे मतदान केंद्र जिनमें बुनियादी आवश्यकताओं की पूर्ति निर्वाचन आयोग के मापदंड अनुसार कराई जानी है। उन कार्यों का शीघ्र अति शीघ्र पूरा करा जाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर भार्गव के द्वारा राजस्व बैठक में जिन बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक गहन समीक्षा की गई है उनमें राजस्व वसूली, भू-राजस्व के तहत पंचायत उपकर ,शाला उपकर ,अर्थदंड नजूल भूमि, प्रीमियम परिवर्तित भूमि से प्राप्त प्रीमियम , नजूल भूमि तथा राजस्व न्यायालय में प्राप्त पंजीयन एवं प्रक्रिया शुल्क भू-अधिकार एवं ऋण पुस्तिका का वितरण शुल्क, भू अर्जन से प्राप्त प्रशासनिक प्रक्रिया शुल्क, राजस्व प्रकरणों के तहत न्यायालय में लंबित प्रकरण अपीली प्रकरण, 6 माह से अधिक अवधि के प्रकरण तथा नामांतरण बंटवारा एवं सीमांकन के अलावा धारणाधिकार परिसंपत्ति राहत के प्रकरण मुख्यमंत्री आवासीय अधिकार योजना स्वामित्व योजना प्रधानमंत्री किसान योजना अंतर्गत ई-केवायसी की कार्यवाही आपसी सहमति से करें तथा भू माफियाओं पर कार्रवाई सहित अन्य बिंदुओं की समीक्षा बैठक में की गई है।