नीमच। प्रदेश शासन के सूक्ष्म लघु मध्यम उद्यम मंत्री व जावद विधानसभा के लोकप्रिय विधायक ओमप्रकाश सखलेचा ने विधानसभा चुनाव से पहले ट्रंप कार्ड खेल दिया है। मंत्री सखलेचा ने जैसे ही ट्रंप कार्ड खेला तो उनके विरोधियों में खलबली मच गई। राजनीतिक लोग सखलेचा के इस ट्रंप कार्ड को सीधे दोहरा शतक लगाना बता रहे हैं। साथ ही यह भी कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि मंत्री सखलेचा ने इस बड़ी तैयारी की उनके विरोधियों को भनक तक नहीं लगने दी और अंदरखाने ही इसे अमलीजामा पहनाने की और कदम आगे बढ़ा दिया है।
मंत्री सखलेचा की इस कोशिश का फायदा सीधे तौर पर जिले व विधानसभा क्षेत्र के लाखों लोगों व खासकर अन्नदाताओं को मिलेगा। जी हां हम बात कर रहे हैं गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना की मंजूरी की। मंत्री सखलेचा की पहल पर मप्र शासन ने जिले की गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना को भी मंजूरी देने की तैयारी कर ली है। इस योजना के तहत पाइप लाइन में प्रत्येक पांच मीटर पर एक वॉल लगाया जाएगा। इस वॉल के लगने से किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलेगा। अन्नदाताओं के खेतों में फसलें लहलहा उठेगी।
किसानों में खुशी की लहर-
जिले की सबसे महत्वपूर्ण गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना के लिए मंत्री सखलेचा प्रयास कर रहे हैं। इस बात की जानकारी लगते ही किसानों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे हैं। अन्नदाताओं ने मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा सहित राज्य शासन का आभार व्यक्त किया है। किसान राधेश्याम और सुखलाल का कहना है कि मंत्री सखलेचा के प्रयासों से जिले व विधानसभा क्षेत्र को लगातार बड़ी सौगातें मिल रही है। किसानों की योजना के मूर्तरूप में आते ही हमें बहुत बड़ी राहत मिलेगी। भारी भरकम बिजली बिल, कुआं निर्माण, ट्यूबवेल खनन व अघोषित बिजली कटौती सहित समय की बाध्यता की समस्या से भी निजात मिलेगी। किसान जब चाहेगा तब वॉल खोलकर सिंचाई कर पाएगा।
स्व. सीताराम जाजू के बाद बड़ी पहल-
राजनीतिक लोग मंत्री सखलेचा की इस पहल को स्व. सीताराम जाजू के बाद अब तक की सबसे बड़ी पहल के रूप में भी देख रहे हैं। उनका कहना है कि सीताराम जाजू ने शहरवासियों को हर्कियाखाल स्थित सीताराम जाजू बांध के रूप में बड़ी सौगात दी थी। अब गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना को मंजूरी दिलाने का प्रयास करने वाले मंत्री सखलेचा का नाम भी लोग सालों तक याद रखेंगे।
एसडीओ हिमांशु बागोरा ने बताया कि 33 करोड़ की इस योजना से नीमच-जावद विधानसभा क्षेत्र की एक लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगा। करीब 500 से 600 गांवों के किसानों को सीधे तौर पर इसका फायदा मिलेगा। वर्तमान में एमपी के 23 जिलों में पानी लिफ्ट करने का काम चल रहा है। इसी कड़ी में नीमच जिले में भी पहले गांधी सागर के पानी को रामपुरा व मनासा और अब जावद में लाने की तैयारी की जा रही है। मंत्री जी को हमने प्रजेंटेशन के माध्यम से समूची योजना से अवगत कराया। इस पर मंत्री ने एक से डेढ़ माह में योजना को कैबिनेट से स्वीकृति दिलाने और आगामी दो से तीन माह में काम शुरू करवाने की बात कही है। गांधी सागर के पानी को लाने के लिए रामपुरा में पंप हाउस बनाया जाएगा। यहां से पाइप लाइन के माध्यम से पानी कंजार्डा, डीकेन, रतनगढ़ और सिंगोली पहुंचेगा। इसी प्रकार नीमच विधानसभा के लिए आंत्री माता में पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा। यहां से सरवानिया महाराज होते हुए नीमच के विभिन्न गांवों की भूमि को सिंचित करने के लिए पानी पहुंचाया जाएगा। 1 लाख हेक्टेयर सिंचाई योजना के लिए 308 मिलियम क्यूबीक मीटर पानी की जरूरत पड़ती है। इसके लिए करीब 100 मेगावाट पॉवर की जरूरत होगी। इसके लिए अलग विभाग काम करेगा। यह योजना आगामी 3 साल में पूरी करने का लक्ष्य है।