ग्वालियर। मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखकर किए गए मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तिकरण का जायजा लेने कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल शनिवार को जिले के दूरस्थ गाँवों में पहुँचे। अधिकारी द्वय ने विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र भितरवार के ग्राम बागवई में नए भवन में स्थापित किए गए मतदान केन्द्र का निरीक्षण किया। इस दौरान यहाँ के बीएलओ के गैर हाजिर मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भितरवार एसडीएम को दिए हैं। भ्रमण के दौरान उन्होंने ष्समाधान आपके द्वारष् के चौथे चरण की तैयारी और धूमेश्वर मेले की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
कलेक्टर सिंह ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिन मतदान केन्द्रों युक्तियुक्तिकरण किया गया है, उनका एक बार फिर से बारीकी से निरीक्षण कर लें। निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि नए भवन में स्थानांतरित मतदान केन्द्र मतदाताओं के लिये सुविधाजनक हों। मतदान केन्द्रों के युक्तियुक्तिकरण में भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भितरवार जनपद पंचायत में स्थित पवित्र धूमेश्वर धाम परिसर में लगे मेले की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने राजस्व विभाग एवं पुलिस के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात को ध्यान में रखकर सैलानियों व श्रृद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें। अधिकारी द्वय ने जोर देकर कहा कि धूमेश्वर मंदिर के समीप से होकर गुजर रही नदी के किनारे पर विशेष निगरानी रखी जाए, जिससे दुर्घटना की संभावना न रहे। उन्होंने एहतियात बतौर आपदा प्रबंधन टीम को भी 24 घंटे मुस्तैद रहने के लिये कहा।
उच्च न्यायालय खण्डपीठ ग्वालियर की पहल पर संचालित ष्समाधान आपके द्वारष् के तहत 22 जुलाई को आयोजित होने जा रहे चौथे चरण की तैयारियों का भी कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने भ्रमण के दौरान जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माननीय उच्च न्यायालय की इस योजना का लाभ उठाकर आपसी सुलह व समझौते के आधार पर अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण कराएँ। अधिकारी द्वय ने कहा कि निराकरण ऐसा हो, जिससे दोनों पक्ष संतुष्ट हों और उन्हें महसूस हो कि उनके विवाद का विधि संमत निराकरण किया गया है।
इस अवसर पर एसडीएम भितरवार अश्विनी कुमार रावत सहित राजस्व, पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।