नीमच। मप्र में मानसून की झमाझम बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो रहा है। पिछले 24 घंटे में राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में जोरदार बारिश हुईं। प्रदेश के सीधी में 2.60, नर्मदापुरम में 2.54, नरसिंहपुर में 2.32, टीकमगढ़ में 2.28, दमोह में 2.04, पचमढ़ी में 1.75 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई हैं। इसके अलावा मालवा के कई जिलों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने आज फिर प्रदेश के 19 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि प्रदेश में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा। ट्रफ लाइन और साइकोनिक सर्कुलेशन सिस्टम एक्टिव होने से ऐसा हो रहा है। प्रदेश में अभी तीन सिस्टम एक्टिव हैं। ये प्रदेश को भिगो रहे हैं। मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में मानसून शिफ्ट हो गया है। इससे यहां अगले दो-तीन दिन तक तेज बारिश का दौर जारी रहेगा। सोमवार को प्रदेश के 9 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट है। इनमें सिंगरौली, सतना, डिंडोरी, कटनी, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना और छतरपुर शामिल हैं। यहां 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश हो सकती है। जबलपुर, छिंदवाड़ा, सागर समेत 19 जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
प्रदेश के इन जिलों में 24 घंटे में होगी रिकॉर्ड तोड़ बारिश-
मध्यप्रदेश के सिंगरौली, सतना, डिंडोरी, कटनी, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना और छतरपुर में अति भारी बारिश होने के आसार। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। वहीं विदिशा, रायसेन, बैतूल, हरदा, शिवपुरी, श्योपुरकलां, उमरिया, जबलपुर, छिंदवाड़ा और सागर में बिजली की गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान यहां 24 घंटे के भीतर 4 इंच तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा दतिया, भिंड, सीधी, रीवा, अनूपपुर, शहडोल, दमोह, टीकमगढ़, निवाड़ी में भी भारी बारिश होने का अनुमान है। यहां ढाई से साढ़े 4 इंच तक पानी बरस सकता है। प्रदेश के भोपाल, सीहोर, नर्मदापुरम, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, मुरैना और नरसिंहपुर हल्की बारिश हो सकती है।