सिंगोली। जी हां हम बात कर रहे हैं गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना की मंजूरी की। जावद विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा की पहल पर मप्र शासन ने जिले की गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना को भी मंजूरी देने की तैयारी कर ली है। इस योजना के तहत पाइप लाइन में निश्चित दुरी पर एक वॉल लगाया जाएगा। इस वॉल के लगने से किसानों को सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिलेगा। अन्नदाताओं के खेतों में फसलें लहलहा उठेगी।
किसानों में खुशी की लहर-
भाजपा पदाधिकारी बोले- आजादी के बाद पहला विधायक ओपी सखलेचा
जिले की सबसे महत्वपूर्ण गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना के लिए मंत्री सखलेचा प्रयास कर रहे हैं। इस बात की जानकारी लगते ही किसानों के चेहरे भी खुशी से खिल उठे हैं। अन्नदाताओं ने मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा सहित राज्य शासन का आभार व्यक्त किया है। क्षेत्र वरिष्ठ भाजपा नेता ओंकारलाल धाकड़ झांतला, सिंगोली भाजपा मंडल अध्यक्ष गोपाल धाकड़ और सिंगोली नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश कुमार बगड़ा, नगर परिषद उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, भाजपा नेता दिनेश कुमार जोशी व भाजपा मंडल महामंत्री पारस कुमार जैन झांतला, भाजपा मंडल महामंत्री राधेश्याम मेघवंशी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष बाबूलाल धाकड़ व किसान एवं पूर्व सरपंच सुगनलाल धाकड़ धनगांव का कहना है कि देश आजादी के बाद पहला विधायक ओमप्रकाश सखलेचा है जिन्होंने जिले व अपने क्षेत्र के किसानो की आमदनी को दुगनी करने के अपने सपने को साकार करने की ओर निरंतर कड़ी मेहनत कर रहे है। केबिनेट मंत्री सखलेचा के अर्थक प्रयासों से जिले व विधानसभा क्षेत्र को लगातार बड़ी सौगातें मिल रही है। किसानों की योजना के मूर्तरूप में आते ही हमें बहुत बड़ी राहत मिलेगी। भारी भरकम बिजली बिल, कुआं निर्माण, ट्यूबवेल खनन व अघोषित बिजली कटौती सहित समय की बाध्यता की समस्या से भी निजात मिलेगी। किसान जब चाहेगा तब वॉल खोलकर सिंचाई कर पाएगा।
स्व सीताराम जाजू के बाद बड़ी पहल-
राजनीतिक लोग मंत्री सखलेचा की इस पहल को स्व सीताराम जाजू के बाद अब तक की सबसे बड़ी पहल के रूप में भी देख रहे हैं। उनका कहना है कि सीताराम जाजू ने शहरवासियों को हर्कियाखाल स्थित सीताराम जाजू बांध के रूप में बड़ी सौगात दी थी। अब गांधी सागर पेयजल योजना के तहत सिंचाई परियोजना को मंजूरी दिलाने का प्रयास करने वाले मंत्री सखलेचा का नाम भी लोग सालों तक याद रखेंगे।
एसडीओ हिमांशु बागोरा ने बताया कि 33 करोड़ की इस योजना से नीमच-जावद विधानसभा क्षेत्र की एक लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगा। करीब 500 से 600 गांवों के किसानों को सीधे तौर पर इसका फायदा मिलेगा। वर्तमान में एमपी के 23 जिलों में पानी लिफ्ट करने का काम चल रहा है। इसी कड़ी में नीमच जिले में भी पहले गांधी सागर के पानी को रामपुरा व मनासा और अब जावद में लाने की तैयारी की जा रही है। मंत्री जी को हमने प्रजेंटेशन के माध्यम से समूची योजना से अवगत कराया। इस पर मंत्री ने एक से डेढ़ माह में योजना को कैबिनेट से स्वीकृति दिलाने और आगामी दो से तीन माह में काम शुरू करवाने की बात कही है। गांधी सागर के पानी को लाने के लिए रामपुरा में पंप हाउस बनाया जाएगा। यहां से पाइप लाइन के माध्यम से पानी कंजार्डा, डीकेन, रतनगढ़ और सिंगोली पहुंचेगा। इसी प्रकार नीमच विधानसभा के लिए आंत्री माता में पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा। यहां से सरवानिया महाराज होते हुए नीमच के विभिन्न गांवों की भूमि को सिंचित करने के लिए पानी पहुंचाया जाएगा। 1 लाख हेक्टेयर सिंचाई योजना के लिए 308 मिलियम क्यूबीक मीटर पानी की जरूरत पड़ती है। इसके लिए करीब 100 मेगावाट पॉवर की जरूरत होगी। इसके लिए अलग विभाग काम करेगा। यह योजना आगामी 3 साल में पूरी करने का लक्ष्य है।