नीमच। शहर सहित जिलेभर में कल सोमवार शाम को झमाझम बारिश हुई थी। तेज बारिश से शहर की सड़कों पर बारिश का पानी बह निकला था। जिला मुख्यालय के अतिरिक्त ग्रामीण अंचल से भी बारिश के समाचार प्राप्त हुए थे। लेकिन आज मंगलवार को फिर सूरज के तीखे तेवर से नागरिकों को भीषण गर्मी व उमस का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज फिर एमपी के 28 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि मध्यप्रदेश के बैतूल और बुरहानपुर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां अति भारी बारिश हो सकती है। 24 घंटे में 8 इंच से ज्यादा बारिश होने का अनुमान है। नर्मदापुरम, हरदा, खंडवा, खरगोन, गुना, श्योपुरकलां और सागर में भी अति भारी बारिश का अलर्ट है। अभी प्रदेश में बारिश के 3 सिस्टम एक्टिव हैं। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर समेत प्रदेश के 28 जिलों में भारी बारिश हो सकती है।
भोपाल के वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि प्रदेश में अब तक 16 प्रतिशत बारिश ज्यादा हो चुकी है। साइक्लोनिक सर्कुलेशन आज 18 जुलाई से बनेगा। इससे 20 से 26 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। पूर्वी मध्यप्रदेश में जून से अब तक औसत से 11 प्रतिशत अधिक और पश्चिमी मध्यप्रदेश में औसत से 20 प्रतिशत अधिक बारिश हो चुकी है। सिवनी और नरसिंहपुर में सबसे ज्यादा बारिश हुई है। सिवनी में 22 इंच से ज्यादा और नरसिंहपुर में करीब 21 इंच बारिश दर्ज की गई है।
जानिये 24 घंटे में किन जिलों में होगी झमामझम-
एमपी के नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, गुना, श्योपुर और सागर में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक बारिश होने का अनुमान है। बैतूल और बुरहानपुर में रेड अलर्ट है। वहीं भोपाल, धार, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, दमोह और निवाड़ी में साढ़े 4 इंच तक पानी बरस सकता है। प्रदेश के बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, नीमच, मुरैना, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, कटनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर और टीकमगढ़ में हल्की बारिश होगी। विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, गुना, शिवपुरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। इस दौरान यहां 24 घंटे के भीतर 4 इंच तक बारिश हो सकती है।