नीमच। पटवारी परीक्षा में हुए घोटाले में जांच की मांग की आवाज रुकने का नाम नहीं ले रही है। अब इस मांग को लेकर आम आदमी पार्टी सड़को पर उतर आई है। आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नीमच में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन कर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
पटवारी परीक्षा में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान सुशासन का दंभ भरते हैं,लेकिन उनकी सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है।इस घोटाले के कारण प्रदेश के योग्य बेरोजगार युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। इसलिए पटवारी परीक्षा में हुए घोटाले की जांच सीबीआई से कराई जाए। ज्ञापन में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया कि प्रदेश घोटाले का राज्य बन चुका है।व्यापम घोटाला सर्वविदित है।स्पष्ट है कि विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष इसे प्रमुखता से उठाकर सरकार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कटघरे में खड़ा करने का मौका चूकना नहीं चाहती। ज्ञापन सौंपते समय नवीन अग्रवाल, अशोक सागर,बालचंद वर्मा, शबनम कुरेशी और बड़ी संख्या में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।