नीमच। क्या मध्यप्रदेश सरकार द्वारा पिछले दिनों निकाली गई विकास यात्रा में किए गए भूमि पूजन और विकास कार्यों के उद्घाटन महज दिखावा थे? ढिंढोरा पीट, वाहवाही लूटकर क्या जनता को भ्रमित किया गया। लगातार यह बातें सामने आ रही है। ऐसा ही एक प्रत्यक्ष उदाहरण नीमच के वार्ड नंबर 1 के रावणरूंडी का है। यहां विकास यात्रा के दौरान 10 फरवरी 2023 को आंगनवाड़ी केंद्र का अतिथियों ने भूमि पूजन किया था। लेकिन 5 माह बीत जाने के बावजूद यहां निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हो पाया है। आज इस केंद्र के निर्माण को लेकर भाजपा के नेता, वार्ड के पार्षद राकेश किलोरिया को जनसुनवाई में फरियाद करनी पड़ी। उन्होंने बताया कि साढ़े सात लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले भवन के लिए वह कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही।