धार। चुनाव के लिए नियुक्त नोडल अधिकारी गंभीरता से सौपें दायित्वों को निभाएँ। चुनाव संबंधी कार्य समय सीमा में करें। इसके अलावा सभी निर्देशों की जानकारी स्टैंडिंग कमेटी से साझा करें और की जा रही कार्यवाही का व्यक्तिगत परीक्षण भी करें। उक्त निर्देश कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक में कही।
कलेक्टर मिश्रा ने निर्देश दिए की विकास पर्व में शिलान्यास, लोकार्पण के कार्यों के लिए जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय का कार्य संबंधित एसडीएम एवं सीईओ करें। स्कूल चलें हम अभियान के तहत शालाओं में जाने वाले अधिकारी वहाँ की अधोसंरचना पर भी रिपोर्ट देवें। इसके साथ ही अधिकारी अपने मैदानी भ्रमण के दौरान शालाओं का निरीक्षण करें और देखें पाठ्यक्रम निर्धारित टाइमटेबल के मुताबिक़ चल रहा है कि नहीं। उन्होंने निर्देश दिए की माण्डव को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में सम्मिलित कराने हेतु प्रयासों ने एक बार फिर गति पकड़ी है। शासन द्वारा मण्डव का डोजियर बनाने हेतु विशेषज्ञ फर्म आमा नारायण एसोसिएट्स को अनुबंधित किया गया है। इस विशेषज्ञ फर्म द्वारा देश के अनेकों पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व के स्थानों को विश्व विरासत सूची में सम्मिलित कराने के लिए डोजियर तैयार किए गए हैं। उन्होंने डोजियर तैयार करने के लिए आवश्यक आंकडे प्रदान करने हेतु राजस्व, नगरीय निकाय, जल संसाधन, वन विभाग, सांख्यिकी विभाग के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया। साथ ही आवश्यक रिपोर्टस, दस्तावेज एवं योजना प्रारूप विशेषत फर्म को प्रदान करने तथा आवश्यक सहयोग के भी निर्देश दिए।