नीमच। जिले में रूक-रूककर बारिश का दौर बना हुआ है। कल बुधवार को भी शाम को जिले में झमाझम बारिश हुई। जिला मुख्यालय पर भी बारिश होने से नागरिकों को तेज गर्मी व उमस से निजात मिली। लेकिन गुरूवार को एक बार फिर लोगों को सूरज के तीखे तेवरों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि एमपी के कई जिलों में आज भी तेज बारिश हो रही है। नदियां उफान मार रही हैं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे के लिए 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि एमपी में अगले 24 घंटे में कई जिलों में तेज बारिश होगी। अभी 4 सिस्टम एक साथ बंगाल की खाड़ी, नॉर्थ आंध्रप्रदेश, साउथ ओडिशा पोस्ट पर एक्टिव हैं। साउथ छत्तीसगढ़ में साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। एक मानसून ट्रफ लाइन कोटा, रायसेन, सिवनी, रायपुर, ओडिशा होते हुए गुजर रही है। पूर्वी-पश्चिमी हवाएं भी आपस में मिल रही हैं। इसी के चलते प्रदेश के कई जिलों में जोरदार बारिश हो रही है। अगले 24 घंटे में उज्जैन, रतलाम सहित 8 जिलों में अति भारी बारिश हो सकती है। वहीं भोपाल, इंदौर सहित 15 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। 28 जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।
इन जिलों के लिए जारी किया अलर्ट-
मौसम विभाग ने रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, रतलाम और उज्जैन के लिए अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। यहां 24 घंटे में 8 इंच तक पानी गिरने का अनुमान है। वहीं भोपाल, विदिशा, खंडवा, झाबुआ, धार, इंदौर, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, सिवनी और बालाघाट में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। यहां साढ़े 4 इंच तक पानी बरस सकता है। इसके अलावा राजगढ़, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में हल्की बारिश का दौर रहेगा।