धार। संत रविदास की लोक कल्याण की अवधारणा सरकार की पथ प्रदर्शक है। सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास, सबका विश्वास के मूल में संत श्री के विचार ही हैं। यह बात संत शिरोमणि श्री रविदास मंदिर निर्माण यात्रा एवं समरसता संदेश यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर मांडू के चतुर्भुज श्री राम मंदिर परिसर में आयोजित संवाद कार्यक्रम में पूर्व मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कही। उनका कहना था कि संत रविदास आज भी प्रासंगिक हैं। संत श्री ने तत्समय अपने दोहों के माध्यम से सामाजिक रूढ़ियो पर कड़े प्रहार किए थे। उन्होंने युवाओं को जोड़ने का काम किया।
विजयवर्गीय ने संत श्री के दोहे गा कर उनका अर्थ भी समझाया। उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज का जीवन और दर्शन हमें सदमार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। संत श्री का जीवन दर्शन जन-जन तक पहुंचे सरकार के ऐसे प्रयास है यही वजह है कि सरकार ने सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए योजनाएँ बनाई हैं।विशेषकर ग़रीबों के लिए निःशुल्क खाद्यान्न, नारियों के सम्मान और विकास की योजनाओं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, लाड़ली लक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री कन्या दान योजना, लाड़ली बहना योजना के बारे में उपस्थित समुदाय को जानकारी दी।
युवा आयोग के अध्यक्ष निशांत खरे ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य का क्षण है कि हम मध्य प्रदेश सरकार द्वारा करोड़ों रु की लागत से सागर में संत श्री के मंदिर निर्माण के साक्षी होंगे। एमपी में पाँच स्थानों से यात्रा निकल रही है। संत श्री के जन्म स्थान काशी से गंगाजल, निर्वाण स्थल चित्तौड़ से मिट्टी और माण्डव जो कि संत श्री की तपोस्थली रही है यहाँ की मिट्टी सागर ले जाई जा रही है। उन्होंने कहा कि संत के जीवन वृतांत समझें तो भारत दर्शन समझ आ जायेगा। सर्व श्री रविदास, वाल्मीकि, कबीर आदि सभी संतों ने मानवता के कल्याण के लिए जन्म लिया था। उन्हीं के सामाजिक समरसता के संदेशों को जन जन तक पहुँचने के लिये यह यात्रा निकली जा रही है।
संवाद कार्यक्रम को यात्रा संयोजक सूरज कैरो ने भी संबोधित किया। जनप्रतिनिधियों ने परिसर से यात्रा को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। इस अवसर पर विधायक नीना वर्मा, जगदीश मूवेल, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री रंजना बघेल, पूर्व सांसद सावित्री ठाकुर, श्याम बंसल, राज्य नागरिक आपूर्ति निगम उपाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, सावन सोनकर, मनोज सोमानी, मौजूद थे। आरंभ में जनप्रतिनिधियों मांडू स्थित संत शिरोमणि तपोस्थली रविदास कुंड पर पूजन कर मिट्टी और जल एकत्र किया। कैलाश विजयवर्गीय के हस्ते मांडू नगर परिषद को कचरा एकत्रीकरण हेतु पाँच वाहन सौपे गए।