धार। मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड भोपाल द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी स्कूल शिक्षा विभाग, जिला प्रशासन तथा जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के सहयोग से मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज-2023 का आयोजन 27 जुलाई को किया जा रहा है।
कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के मार्गदर्शन में प्रतियोगिता के लिए तैयारियां की जा रही है। यह जानकारी जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी प्रवीण शर्मा ने दी गई। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिता पर्यटन क्विज-2023, 27 जुलाई को धार के जेएमडी पैलेस, इंदौर रोड, पीडब्लयूडी के गेस्ट हाउस के सामने होगी। इसके लिए प्रातः 8 से 10 बजे के बीच में पंजीयन होंगा। जिला स्तर पर लिखित परीक्षा का आयोजन 27 जुलाई को ही प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक होगा। लिखित परीक्षा में वे 237 टीम भाग लेगी जो पहले से ऑनलाइन पंजीयन करवा चुकी है। इसी दिन दोपहर 12 से 12.30 बजे तक मूल्यांकन होगा। इसमें विजेता रहने वाली टॉप टीमें मल्टीमीडिया क्विज में शामिल होंगी। यह मल्टीमीडिया क्विज दोपहर 2.30 बजे से लेकर शाम 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके पश्चात विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का मूल उद्देश्य मप्र का समृद्धशाली इतिहास, परंपराओं, ऐतिहासिक धरोहरों, प्राकृतिक समृद्धि एवं पर्यटन महत्त्व की संभावनाओं से छात्रों को अवगत कराना है। पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में प्रथम चरण में लिखित परीक्षा में मेरिट के आधार पर 6 टीम यानी 18 छात्र-छात्राओं का चयन किया जाएगा। जो मल्टी मीडिया के 10 राउंड प्रतियोगिता के माध्यम से विजेता व उपविजेता बनेंगे। कुछ रोमांचक प्रश्न दर्शकों से भी पूछे जाएंगे। विजेताओं को मप्र राज्य के पर्यटन स्थल पर भ्रमण के लिए टूर पैकेज गिफ्ट वाऊचर प्रदान किया जाएगा।