नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में विश्व बैंक परियोजना अनुदान से रूपये 104.73 लाख की लागत से निर्मित अध्यापन कक्ष, गर्ल्स कॉमन रूम, केंटीन एवं साइकिल स्टेण्ड का लोकार्पण समारोह उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव के कर कमलों से सम्पन्न हुआ।
मंत्री यादव ने अपने उद्बोधन में नीमच के प्रति अपने स्नेह भाव को व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा विभाग में लगातार नवाचार हो रहे हैं और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा रोजगारोन्मुखी कार्य लगातार किये जा रहे हैं। मंत्री यादव ने नगर पालिका अध्यक्ष एवं एसडीएम, नीमच को विशेष निर्देष दिये कि महाविद्यालय को आवंटित खेल मैदान की भूमि के अधिग्रहण संबंधी कार्यवाही शीघ्र की जाए।
विधायक परिहार ने मंत्री यादव के आगमन पर हर्ष व्यक्त करते हुए अपने वक्तव्य में कहा कि मंत्री यादव के नेतृत्व में प्रदेश के सभी महाविद्यालयों में विकास कार्य हो रहे हैं और उन्होंने नीमच जिले को हर समय कई सौंगातें दी है। इस अवसर पर जीरन महाविद्यालय के नवीन भवन के लोकार्पण हेतु मंत्री से आग्रह किया। पवन पाटीदार ने अपने वक्तव्य में कहा कि आज देश हर क्षेत्र में विकास की ओर गतिमान है। हमे भी नवनिर्माण की इस घड़ी में अपना-अपना सहयोग देना है, अपने-अपने कर्तव्य निभाना है। महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विजय बाफना ने स्वागत भाषण के साथ महाविद्यालय का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर पालिका शहर के विकास हेतु कृतसंकल्पित है और सतत् कार्य कर रही है। खेल मैदान की भूमि संबंधी कार्य शीघ्र पूर्ण होगा।
इस अवसर पर क्षेत्र के विधायक दिलीपसिंह परिहार, नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार, सांसद प्रतिनिधि किरण शर्मा, महाविद्यालयीन जनभागीदारी समिति अध्यक्ष विजय बाफना, श्यामाप्रसाद मुखर्जी मण्डल अध्यक्ष मोहनसिंह राणावत, अभाविप जिला संयोजक शुभम अहीर, अतिरिक्त संचालक उज्जैन संभाग डॉ एचएल अनिजवाल, अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ केएल जाट, राकेश भारद्वाज, संतोष चौपड़ा, विष्वदेव शर्मा, योगेश जैन, हेमन्त हरित, जम्बुकुमार जैन, उमरावसिंह राठौर, महेश खण्डेलवाल एवं नगर पालिका सभापतिगण, पार्षदगण एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ एनके डबकरा सहित महाविद्यालयीन स्टॉफ तथा छात्राएं उपस्थित थी।