मनासा। गुरुवार को दोपहर 3 बजे मनासा कृषि उपज मंडी कार्यालय मे टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत बैठक आयोजित की गई। बैठक में व्यापारियों द्वारा टीबी के मरीजों के लिए 51 खाद्यान्न के पैकेट आगामी 6 माह तक दिए जाने हेतु आश्वासन दिया। खाद्यान्न पैकेट में 5 किलो आटा, 1 किलो सिंगदाना, 1 किलो चना एवं 1 किलो दाल शामिल है।
बैठक के दौरान अनुभागीय अधिकारी एसडीएम पवन बारिया ने बताया कि मनासा में कुल 248 टीबी बीमारी के मरीज है। व्यापारियों द्वारा खाद्यान्न पैकेट देकर सहयोग किया जा रहा है। बाकी के बचें मरीजों के लिए ब्लाक स्तर के अधिकारी व अन्य लोगो के सहयोग से खाद्यान्न पैकेट उपलब्ध करवाये जाएंगे। इस सम्बंध में जल्द आगामी बैठक आयोजित होगी। बैठक के दौरान कृषि उपज मंडी सचिव रियाज़ अहमद, व्यापारी संघ अध्यक्ष झवर, खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर भायल, टीबी प्रभारी मनासा एवं अन्य व्यापारीगण उपस्थित रहे।