झाबुआ। सभी बालिकाएँ एवं महिलाएं सशक्त होती है। सभी का अपने आप में विश्वास रखना जरूरी है ऐसा कोई काम नहीं है, जो किया नही जा सकता है। आप अपना लक्ष्य बनाये कि आपको क्या करना है, कड़ी मेहनत का रास्ता अपनाये एवं बाधाओं को अभ्यास कर के दूर करें। ये बात पुलिस अधीक्षक अगम जैन ने सशक्तिवाहिनी निःशुल्क कोचिंग क्लास के शुभारम्भ कार्यक्रम के अवसर पर कही।
कलेक्टर तन्वी हुडडा के मार्गदर्शन में बेटी बचाओ बेटी पढाओ योजना अन्तर्गत बालिकाओं के लिए प्रतियोगिता परीक्षा विशेषकर एस.आई. भर्ती परीक्षा की तैयारी हेतु निःशुल्क कोचिंग क्लासेस सशक्तिवाहिनी का आयोजन महिला एवं बाल विकास विभाग, पुलिस विभाग एवं सारा संस्थान झाबुआ के समन्वय से 3 माह हेतु किया जा रहा है। जिसका शुभारम्भ 26 जुलाई, 2023 को पुलिस अधीक्षक अगम जैन द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग विभाग के सहायक संचालक वर्षा चौहान, बालुसिह सस्तिया, अजय सिंह चौहान व कोचिंग के लिएचयनित बालिकाए उपस्थित रही। आगम जैन ने बालिकाओ को बताया कि पुलिस विभाग द्वारा कोचिंग की बालिकाओं को एस.आई भर्ती हेतु फिजिकल की तैयारी करवाई जाएगी । यदि आप लोग चाहेगे तो समय-समय पर पुलिस विभाग द्वारा मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।