भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में आयोजित एक कार्यक्रम में महिलाओं के लिए एक बड़ी घोषणा की है। वे लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित महिला पुलिस कर्मचारियों को स्कूटर वितरण कार्यक्रम में संबोधित कर रहे थे, सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पुलिस विभाग में 30 प्रतिशत पदों पर महिलाओं की भर्ती होगी। इससे महिलाओं खासकर जो पुलिस की तैयारियां कर रही हैं, उनमें खुशी की लहर है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि आधी आबादी को न्याय के बिना न देश आगे बढ़ सकता है और न प्रदेश आगे बढ़ सकता है, इसलिए मैंने तय किया है कि पुलिस विभाग में 30 प्रतिशत बेटियों की भर्ती अनिवार्य होगी, सीएम ने कहा आज पुलिस विभाग में कार्य करने वालीं बेटियां पूरी कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपना उत्तरदायित्व निभाकर स्वयं को सिद्ध कर रही है।
राजधानी भोपाल के महिला थानों में तैनात महिलाओं को शुक्रवार को स्कूटर का वितरण किया गया। जिसके चलते उर्जा महिला हेल्प डेस्क दो पहिया फ्लैग ऑफ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें सीएम शिवराज सिंह चौहान द्वारा महिला पुलिस को स्कूटर वितरित किए गए, इसके बाद महिला पुलिस स्कूटर चलाती हुई रैली बनाकर निकली।
स्कूटर रैली लाल परेड ग्राउंड से प्रारंभ होकर कंट्रोल रूम चौराहा, गांधी पार्क, रोशनपुरा, अटल पथ, जवाहर चौक, रंगमहल चौराहा, गांधी पार्क होते हुए मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचकर सम्पन्न हुई। इस दौरान सभी महिला कर्मी वर्दी में थीं। इसी अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सीएम ने एमपी की बेटियों की पुलिस विभाग में 30 प्रतिशत पदों पर भर्ती की बात कही है।