मंदसौर। केंद्रीय विद्यालय मंदसौर के प्राचार्य द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की तीसरी वर्षगांठ पर केन्द्रीय विद्यालय मंदसौर में प्रेस वार्ता तथा शिक्षक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी में प्रमोद सेठिया प्राचार्य डाइट मंदसौर ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख बिन्दुओं पर पर चर्चा की गई। सेठिया ने बताया कि वर्षों से चले आ रहे 10+2 पैटर्न को बदल कर 5+3+3+4 किया जा रहा है तथा स्किल एजुकेशन पर ज़ोर दिया जा रहा है। प्राथमिक शिक्षा तक की पढ़ाई मातृ भाषा में कराई जाएगी। इसी प्रकार माध्यमिक स्तर पर भी विद्यार्थियों के पास कई भाषाओं को सीखने के विकल्प उपलब्ध होंगे। स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में शिक्षा नीति के अन्य प्रावधानों की जानकारी भी दी। इस अवसर पर कला शिक्षिका प्रतिमा तकियार के संयोजन में एक कला प्रदर्शनी का आयोजन भी किया गया । जिसमें विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम का संचालन नीलकमल त्रिवेदी ने किया एवं ऋत्विक अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया।