नीमच। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तीसरी वर्षगांठ पर आज केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए स्कूल के प्राचार्य आशीष कुमार दीक्षित ने पत्रकारों को बताया कि नीमच के केंद्रीय विद्यालय क्रमांक 1 को पीएमश्री का दर्जा प्रदान किया गया है। विद्यालय में अनेक नवाचार किए जा रहे हैं। विद्यालय को ग्रांट मिलेगी, जिससे विद्यालय का स्ट्रक्चर बढ़ाया जाएगा। गरीब और अजा/अजजा बच्चों को स्कॉलरशिप मिलेगी। किताबें निशुल्क दी जाएगी और स्कूल फीस माफ रहेगी। स्कूल में एडमिशन फीस मात्र 25 रूपए है। उन्होंने बताया कि देश में 1253 केंद्रीय विद्यालय है और तीन विदेशों में है। यहां हिंदी और इंग्लिश दोनों माध्यमों से पढ़ाई होती है। केंद्रीय विद्यालय में बाल वाटिका का संचालन होगा। आधुनीकरण के लिए स्मार्ट क्लासरूम, टेबलेट व मल्टीमीडिया प्रोजेक्ट मुहैया कराए जाएंगे। केंद्रीय विद्यालय में कंप्यूटर शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। बच्चों को साइबर क्राइम की जानकारी दी जा रही है। हम लोग बच्चों को तनाव मुक्त शिक्षा और श्रेष्ठ नागरिक बनाने पर ध्यान दे रहे हैं।
नवोदय विद्यालय के प्राचार्य नंदकिशोर पवार ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों को रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने की शिक्षा दी जा रही है। स्किल हब बनाया जा रहा है। शिक्षा व्यवस्था में स्टूडेंट्स की भागीदारी अब ज्यादा होगी। खेल खिलौने के माध्यम से शिक्षा प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि नवोदय और केंद्रीय विद्यालय की टीचिंग फैकेल्टी पूरी दुनिया में श्रेष्ठ है। हमारी व्यवस्था का उद्देश्य है कि समाज को जागरूक और श्रेष्ठ नागरिक प्रदान किये जाए। बस्तों का बोझ कम किया जाए। बताते चलें कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के 3 वर्ष पूर्ण होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल 29 जुलाई को अखिल भारतीय शिक्षा संगम कार्यक्रम को संबोधित करेंगे जिसका सीधा प्रसारण भी विद्यालय में किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक मेजर प्रदीप यादव भी मौजूद रहे।