देवास। प्रत्येक ग्राम पंचायत में अमृत वाटिका के तहत पौधारोपण किया जाएगा। गांव में मौजूद स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं भारतीय सेना के वीर जवानों को भी सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक ग्राम पंचायत से वहां की मिट्टी संग्रहित कर पहले विकासखंड स्तर पर, तत्पश्चात जिला स्तर पर लाई जाएगी। जहां से इसे राजधानी भोपाल होते हुए देश की राजधानी दिल्ली तक पहुंचाया जाएगा। देशभर की ग्राम पंचायतों से एकत्रित पवित्र मिट्टी दिल्ली ले जाई जाएगी। मेरी माटी मेरा देश अभियान पूर्णतः जनभागीदारी पर केंद्रित कार्यक्रम है, जिसमें ग्राम पंचायतों, स्वयंसेवी संगठनों, युवाओं, विद्यार्थियों आदि से स्वप्रेरणा से सम्मिलित होने की अपेक्षा की गई है।
सीएसपी विवेक सिंह चौहान ने कहा कि जिले में प्रत्येक नागरिक को झण्डा संहिता का अनुपालन करना होगा। झण्डा फहराते समय सदैव केसरिया रंग की पट्टी झण्डे के ऊपर हो। झण्डों को समयावधि के उपरान्त आदर भाव के साथ उतार कर सुरक्षित रखा जायेगा, झण्डा उतारने के बाद किसी भी नागरिक के द्वारा इसे फेंका नहीं जायेगा। उसे सम्मान के साथ फोल्ड रखा जाना चाहिए, हर घर पर झण्डा विधिवत तरीके से लगाया जाना चाहिए, आधा झुका, फटा या कटा झण्डा लगाया जाना निषेध होगा।