नीमच। जिले में पिछले चार-पांच दिनों से बारिश का दौर थमा हुआ है। बारिश नहीं होने से सूरज के तीखे तेवर भी लोगों को तेज गर्मी व उमस का अहसास करा रहे हैं। आज शुक्रवार को आसमान में बादलों की जमावट भी दिखाई दी, लेकिन बारिश नहीं हुई। नीमच जिले में इस वर्ष अब तक 19.5 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी व कई जिलों में हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडे ने बताया कि कम दबाव का सिस्टम नॉर्थ ईस्ट एमपी के रीवा-सतना के ऊपर से गुजर रहा था, जो अब नजदीक आ गया है। इस वजह से पूर्वी हिस्से में भारी बारिश हो रही है। प्रदेश के भोपाल, नर्मदापुरम समेत अन्य संभाग में भी सिस्टम का असर है। शुक्रवार को भी ऐसा ही मौसम बना रहेगा। आज राजधानी भोपाल में सुबह से ही बारिश हो रही है। जबलपुर में बीते 48 घंटे में 11 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं लगातार बारिश से बरगी डैम के 21 में से 15 गेट भी गुरुवार रात खोले गए हैं।
आगामी 24 घंटे में इन जिलों में होगी बारिश-
मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे में एमपी के नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी और मंडला में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं भोपाल, सीहोर, राजगढ़, हरदा, इंदौर, देवास, शाजापुर, ग्वालियर, मुरैना, सतना, रीवा, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, जबलपुर, डिंडोरी, सागर, टीकमगढ़, विदिशा, रायसेन, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, भिंड, श्योपुरकलां, दतिया, पन्ना, निवाड़ी, छतरपुर, दमोह और बालाघाट में तेज बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, रतलाम, उज्जैन, देवास, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली और सीधी जिले में हल्की बारिश का अनुमान है। इनमें कुछ जगहों पर कुछ देर के लिए तेज बारिश भी हो सकती है।