रायसेन। आगामी विधानसभा निर्वाचन-2023 के दृष्टिगत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अरविंद दुबे के निर्देशन में जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों में रिटर्निंग अधिकारी कार्यालयों में ईवीएम, वीवीपैट का प्रदर्शन करते हुए मतदान करने की प्रक्रिया बताई जा रही है। इसी क्रम में गत दिवस रायसेन में कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमृता गर्ग की उपस्थिति में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के समक्ष ईवीएम, वीवीपैट का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अनेक पदाधिकारियों ने ईवीएम का बटन दबाकर, वीवीपैट में सात सेकेण्ड के लिए पर्ची दिखाई देने की प्रक्रिया को देखा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अमृता गर्ग ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को बताया कि जिले के उदयपुरा विधानसभा के तहत एसडीओ ऑफिस बरेली, भोजपुर विधानसभा के तहत एसडीओ ऑफिस गौहरगंज, सांची विधानसभा के तहत एसडीओ ऑफिस रायसेन तथा सिलवानी विधानसभा के तहत एसडीओ ऑफिस बेगमगंज में ईवीएम, वीवीपैट का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही मतदाताओं को जानकारी दी जा रही है कि वोट डालने के लिए मतदाता को अपने पसंद के प्रत्याशी के नाम के सामने वाला बटन दबाना होगा तथा बटन दबाने के बाद जिस प्रत्याशी को वोट दिया है उसके नाम के सामने वाली लाईट जलेगी। इसके बाद वीवीपैट पर सात सेकेण्ड के लिए एक पर्ची दिखाई देगी जिसे देखकर मतदाता यह सुनिश्चित कर सकेंगे कि उन्होंने जिस प्रत्याशी का बटन दबाया है वोट उसी को मिला है। इसके अतिरिक्त जिले में प्रचार रथ के माध्यम से तथा स्वीप अंतर्गत दीवार लेखन, रैली, रंगोली आदि माध्यमों से भी मतदाता जागरूकता का संदेश दिया जा रहा है।