श्योपुर। कलेक्टर संजय कुमार द्वारा आज शाम 5.30 बजे कलेक्ट्रेट स्थित विभिन्न कार्यालयों तथा विभिन्न शाखाओं का आकस्मिक निरीक्षण किया गया तथा निरीक्षण के दौरान अनुपयोगी सामग्री के राईट ऑफ करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये। इस अवसर पर कार्यालय अधीक्षक दिलीप बंसल, रीडर गणेश जंगम सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहें।
कलेक्टर संजय कुमार ने जिला स्तरीय कन्ट्रोलरूम के निरीक्षण के दौरान निर्देश दिये कि आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली सूचनाओं को पंजीबद्ध करते हुए संबंधित विभागों को तत्काल सूचना दी जाये, गंभीर प्रवृति के मामलो में तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जायें। इस दौरान उन्होंने जिला पंजीयक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए कार्यालय अधीक्षक दिलीप बंसल को निर्देश दिये कि कार्यालय में उप पंजीयक की पदस्थापना के लिए वरिष्ठ कार्यालय को पत्र प्रेषित किया जायें। उन्होंने तहसील कार्यालय सहित जिला अभिलेखागार, आदिम जाति कल्याण विभाग, महिला बाल विकास विभाग, सामाजिक न्याय, आबकारी, आपूर्ति अधिकारी, डूडा, श्रम कार्यालय, जिला कौषालय, भू-अभिलेख, निर्वाचन सहित कलेक्ट्रेट की अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया। जिला अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान सोमवार तक सभी लंबित नकल प्रकरण निराकृत किये जाने के निर्देश दिये गये। उन्होंने विभिन्न कार्यालयों के निरीक्षण के दौरान कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिये कि अनुपयोगी रिकार्ड की सूची बनाकर अपलेखन की कार्यवाही की जाये।