नीमच। जिले में पिछले पांच-छः दिनों से बारिश का दौर थमा हुआ है। बारिश नहीं होने से लोगों को भी तेज उमस व गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आज शनिवार को भी आसमान में बादलों की जमावट हुई, लेकिन बारिश नहीं होने से नागरिकों को निराशा ही हाथ लगी। नीमच जिले में इस वर्ष अब तक 19.5 इंच से अधिक वर्षा दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग ने आज भी कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि आज एक्टिव सिस्टम उत्तर की दिशा की तरफ जाते हुए दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर चला जाएगा। इसके चलते बारिश की गतिविधि घटेगी, लेकिन ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभाग में मध्यम से भारी बारिश का दौर अगले 48 घंटे तक जारी रहेगा। एमपी में बारिश से नदी-नाले उफना पर है। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में हालात ज्यादा खराब हैं। जबलपुर में बरगी डैम से पानी छोड़े जाने पर नर्मदा के जलस्तर में इजाफा हुआ है।
एमपी के इन जिलों में बारिश का अलर्ट-
आगामी 24 घंटे में एमपी के शिवपुरी, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं विदिशा, रायसेन, गुना, ग्वालियर, अशोकनगर, सतना, कटनी, सिवनी, बालाघाट, सागर, पन्ना, दमोह, निवाड़ी, छतरपुर और टीकमगढ़ में तेज बारिश का अनुमान जताया गया। इसके अलावा भोपाल, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, सिंगरौली, सीधी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और मंडला जिले में हल्की बारिश की संभावना बन रही है। इनमें से कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहेंगे।