सतना। महिला बाल विकास विभाग द्वारा शुक्रवार को विश्व स्तनपान सप्ताह अन्तर्गत इन्द्रा गाँधी शासकीय स्नाकोत्तर महाविद्यालय सतना में कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में सहायक संचालक महिला बाल विकास विभाग श्यामकिशोर द्विवेदी ने विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी साझा की। साथ ही बाल विकास परियोजना सतना शहरी क्रमांक-2 की पर्यवेक्षक खुशबू प्रजापति द्वारा स्तनपान के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने जन्म के तुरन्त बाद 1 घण्टे के अन्दर बच्चे को स्तनपान के फायदे के सम्बन्ध में जानकारी दी। बाल विकास परियोजना सोहावल की पर्यवेक्षक नीता श्रीवास्तव द्वारा बच्चे के जन्म से लेकर 6 माह तक स्तनपान के फायदे बताने के साथ बच्चे को स्तनपान कैसे करायें एवं कब-कब कराये विषय पर प्रतिभागियों को सक्षिप्त रूप से जानकारी दी गई। अर्चना प्रजापति पर्यवेक्षक द्वारा नवजात शिशु देख-रेख एवं साफ-सफाई के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यशाला में महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. नीलम रिछारिया, डॉ. किरण सिंह, महिला एवं बाल विभाग से जिला समन्वयक संदीप तिवारी, जिला परियोजना सहायक शिवगोपाल जायसवाल सहित प्रतिभागी उपस्थित रहें।