मंडला। महिला एवं बाल विकास जिला मंडला अंतर्गत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य स्तरीय प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स पर्यवेक्षक एवं शिक्षकों द्वारा 1 अगस्त से 5 अगस्त 2023 तक ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 17 स्थानों पर शाला पूर्व शिक्षा एवं प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा का महत्व के संबंध में प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण द्वारा केंद्रों के आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अभ्यास पुस्तिकाओं अनुरूप 3 से 4 वर्ष, 4 से 5 वर्ष एवं 5 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रावधान, शाला पूर्व शिक्षा का महत्व, शाला में प्रवेश पूर्व बच्चों के मस्तिष्क का विकास क्रम की अवस्था, शाला पूर्व शिक्षा अंतर्गत बच्चों के सीखने की प्रक्रिया, शाला प्रवेश पूर्व बच्चों के मानसिक विकास, बच्चों के स्वास्थ्य तथा बच्चों के सीखने के दौरान अच्छे संवादक बनने आदि के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।