ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सुदूर क्षेत्र के गाँवों व कस्बों में निवासरत आमजन के हाल-चाल व कठिनाईयों का पता लगाने के उद्देश्य से अक्सर फोन से बात करते रहते हैं। साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी फोन लगाकर आम आदमी की समस्याओं व कठिनाईयों का पता लगाकर निराकरण कराते हैं। इस कड़ी में पिछले दो - तीन दिन के दौरान मुख्यमंत्री निवास से फोन लगाकर ग्वालियर जिले के विभिन्न ग्रामों में निवासरत 40 से अधिक आम नागरिकों से बात की गई। जाहिर है इनकी समस्याओं का भी निराकरण हुआ है। इनमें से किसी ने बिजली, किसी ने पानी, किसी ने राशन तो किसी ने छात्रवृत्ति न मिलने संबंधी अपनी समस्यायें बताईं।
मुख्यमंत्री निवास के माध्यम से प्राप्त इन समस्याओं के निराकरण के लिये कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने गाँव-गाँव टीम भेजी हैं। बहुत सी समस्याओं का निराकरण भी हो गया है। कलेक्टर ने शेष समस्याओं का निराकरण जल्द से जल्द कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं।
ग्वालियर जिले के दूरस्थ गाँव बनिया तोर (मस्तुरा) की निवासी रामबाई जाटव के मोबाइल पर मुख्यमंत्री निवास से भी फोन आया और उनके हाल-चाल पूछे गए। रामबाई ने बताया कि उनके गाँव की नालियों की साफ-सफाई नहीं की जाती है। इस कारण स्कूल के पास बहुत गंदगी रहती है। यह शिकायत सामने आने पर कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह के निर्देश पर अधिकारियों की टीम मौके पर पहुँची और नालियों की साफ-सफाई कराकर पानी के निकास की समुचित व्यवस्था कराई गई।