ग्वालियर। विधानसभा निर्वाचन-2023 के लिये नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस मजिस्ट्रेट संयुक्त रूप से अपने-अपने आवंटित मतदान केन्द्रों का भ्रमण कर मतदान केन्द्रों की व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद कराएँ। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अक्षय कुमार सिंह ने शनिवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के संयुक्त प्रशिक्षण में यह बात कही। जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में आयोजित इस प्रशिक्षण सत्र में अपर कलेक्टर अंजू अरूण कुमार, अपर कलेक्टर टी एन सिंह, एसडीएम डबरा प्रखर सिंह, उप जिला निर्वाचन अधिकारी एल के पाण्डेय सहित विधानसभा निर्वाचन के लिये नियुक्त सभी सेक्टर अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर सिंह ने प्रशिक्षण में कहा है कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन के लिये नियुक्त सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। वे अपने-अपने क्षेत्र में संयुक्त भ्रमण कर बल्नरेबिलिटी मैपिंग का कार्य पूरी गंभीरता के साथ करें ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो । इसके साथ ही गत निर्वाचन के दृष्टिगत क्रिटिकल मतदान केन्द्रों का निर्धारण भी सावधानीपूर्वक किया जाए। सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों को मास्टर ट्रेनर एस बी ओझा ने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा विस्तृत दिशा-निर्देश सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के लिये जारी किए हैं। सभी अधिकारी इसका अच्छे से अध्ययन भी कर लें। इसके साथ ही संयुक्त भ्रमण कर मतदान केन्द्रों की व्यवस्था क्रिटिकल मतदान केन्द्र का निर्धारण एवं बल्नरेबिलिटी मैपिंग का कार्य सावधानीपूर्वक करें।