अशोक नगर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली द्वारा संचालित पैरालीगल वालेंटियर योजनातंर्गत एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार अर्द्वविधिक स्वयंसेवी (पैरालीगल वालंटियर) का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में शनिवार को ए0डी0आर0 सेंटर जिला न्यायालय परिसर अशोकनगर में आयोजित किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष द्वारा अपने उद्बोधन में कहा कि पैरालीगल वालेंटियर द्वारा विगत माह में आयोजित ‘‘समाधान आपके द्वार‘‘ योजनातंर्गत शिविर का गांव-गांव जाकर प्रचार-प्रसार किया तथा समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की मदद कर न्याय पहुंचाया है। जिसकी प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा समस्त पैरालीगल वालंटियर की उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। साथ ही पैरालीगल वालंटियर को समाज सेवा के कार्य करने हेतु प्रोत्साहित किया गया।
डॉ. लखनलाल गोस्वामी, जिला न्यायाधीश/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपस्थित पैरालीगल वालेंटियर के कार्य के संबंध में बताया कि पैरालीगल वालंटियर समाज का वह व्यक्ति है, जो लोगों के सशक्तिकरण में रूचि रखता है, हासिये पर खडे हुए व्यक्ति को उनके अधिकारों के बारे में जागरूक कर उनके अधिकार प्राप्त करने में सहयोग करता है तथा जो शासन, प्रशासन, न्यायालय तथा हितग्राही के बीच में पुल का कार्य करता है।
विष्णु नारायण विरथरे, डिप्टी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा किशोर न्याय बालकों की देखरेख और संरक्षण अधिनियम, 2015 नियम 2016 में वर्णित देखरेख एवं संरक्षण वाले बालक व विधि का उल्लंघन करने वाले बालकों से संबंधित प्रावधान का विस्तृत वर्णन किया। साथ किशोर न्याय बोर्ड व बाल कल्याण समिति की प्रक्रिया के बारे में बताया। इसी क्रम में महिलाओं से संबंधित विविध कानून- घरेलू हिंसा से महिलाओं का संरक्षण अधिनियम 2015, एसिड अटैक, दहेज प्रतिषेध अधिनियम 1961 एवं महिलाओं का कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम 2013 एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
रफीक खान, डिप्टी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल द्वारा आपराधिक न्याय तंत्र की समस्त कार्यप्रणाली के अवगत कराकर बंदियों को जेल में प्रदत्त अधिकार एवं संविधान में वर्णित मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य आदि की जानकारी दी गई। साथ ही लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में जिला विधिक सहायता अधिकारी द्वारा म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर द्वारा संचालित पंच-ज अभियान अंतर्गत समस्त पैरालीगल वालंटियर को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा पौधे देकर अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने हेतु प्रोत्साहित किया गया। पैरालीगल वालंटियर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपस्थित रहकर सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त किया।