भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को देशभर के 506 रेलवे स्टेशन के री डेवलपमेंट के लिए वर्चुअल भूमि पूजन करेंगे। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत री डेवलपमेंट होना है। मध्यप्रदेश के 34 रेलवे स्टेशन भी इनमें शामिल हैं। एमपी के रेलवे स्टेशन पर 982.3 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इन 34 रेलवे स्टेशन में से 3 प्रदेश भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा के खजुराहो संसदीय क्षेत्र में आते हैं।
भोपाल मंडल के 11 स्टेशन भी इन 34 स्टेशन में शामिल हैं। इन 11 स्टेशन का री-डेवलपमेंट 235.2 करोड़ रुपए की लागत से होगा। भोपाल के संत हिरदाराम नगर स्टेशन के कार्यक्रम में राज्यपाल मंगूभाई पटेल और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के लिए स्थानीय विधायकों और सांसदों को आमंत्रित किया गया है।
भोपाल डीआरएम देवाशीष त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन की बिल्डिंग का रेनोवेशन स्थानीय कला, संस्कृति का समावेश करते हुए किया जाएगा। सर्कुलेटिंग एरिया, एंट्री और एग्जिट का भी री-डेवलपमेंट किया जाएगा। नई सड़कें, पाथ-वे, पार्किंग और दूसरी फेसिलिटीस को और बेहतर किया जाएगा। इन स्टेशनों में मंदसौर संसदीय क्षेत्र से शामगढ़ स्टेशन का री डेवलपमेंट होगा।