नीमच। जिले में एक सप्ताह से बारिश का दौर थमा हुआ है। बारिश की लंबी खेंच से किसान भी चिंतित दिखाई दे रहे हैं। वहीं नागरिकों को भी तेज उमस व गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। आज रविवार को भी आसमान में सुबह से बादलों की जमावट देखी जा रही है, लेकिन बारिश नहीं हुई है। वहीं एमपी के पूर्वी हिस्से में तेज बारिश से नदी-नालों में उफान आ रहा है। सतना में बकिया बैराज के 13 गेट खोलने पड़े हैं। जबलपुर के बरगी डेम से भी पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे नर्मदा का जल स्तर तेजी से बढ़ रहा है। मौसम विभाग ने आज भी एमपी के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि लो प्रेशर एरिया रीवा और सतना के आसपास है। दक्षिण-पूर्वी उत्तरप्रदेश के हिस्से में एक ट्रफ लाइन भी एक्टिव है। गुजरात के ऊपर भी चक्रवाती घेरा बना है। इसके चलते मानसून की एक्टिविटी जारी है। रीवा संभाग में अगले 24 घंटे में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन समेत बाकी जिलों में मौसम खुला रहेगा। हल्की बारिश भी हो सकती है।
आगामी 24 घंटे में इन जिलों में होगी बारिश-
एमपी के रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और पन्ना में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी में भी गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर-मालवा, मंदसौर, नीमच, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, दमोह, सागर में हल्की बारिश का अनुमान है। इनमें से कई जिलों में सिर्फ बादल छाए रहेंगे।