देवास। शहर के किंग जॉर्ज स्कूल के एक शिक्षक ने अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर को लेकर स्कूल में बच्चों के सामने विवादित टिप्पणी कर दी। इस बात का शनिवार को जैसे ही हिंदू संगठन के लोगों को पता चला तो वे स्कूल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। कुछ देर के बाद स्कूल में बच्चे जय श्रीराम के जयकारे लगाने लगे इस बीच एक शिक्षिका ने एक बच्चे को थप्पड़ मार दिया। इससे मामला फिर गर्मा गया।
इधर हंगामे की सूचना पर औद्योगिक थाने से पुलिस स्कूल में पहुंची और मामला शांत कराया। हिंदू संगठनों के हंगामे के बाद स्कूल की प्रिंसिपल ने शिक्षक-शिक्षिकाओं को स्कूल से हटा दिया। इसकी सूचना प्रिंसिपल अलका कनोजिया ने एक आवेदन के माध्यम से औद्योगिक थाने को दी। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही शहर के एक अन्य स्कूल में तिलक लगाकर आने और हाथ में कलावा बांधने को लेकर भी शिक्षकों ने बच्चों को मना किया था।
अब यह दूसरी घटना हो गई। यह कहा था शिक्षक ने मामला मिश्रीलाल नगर स्थित किंग जॉर्ज स्कूल का है। स्कूल के कक्षा नौवीं के छात्र विवेक शर्मा ने बताया कि 1 दिन पूर्व शुक्रवार को सुधांशु गेहलोत सर ने कहा था कि राम मंदिर को बनाना वेस्ट ऑफ मनी है। मंदिर बनाना फालतू है, यह पैसा गरीबों में बांट दो, ज्यादा से ज्यादा चर्च बनाओ और वहां जाकर पढ़ाई करो, अगर तुम लोग ज्यादा बोलोगे तो तुम्हारी टीसी दे दी जाएगी। हमें कक्षा से बाहर कर दिया था।
एक अन्य छात्र ने कहा कि मैं जब बैग लेने गया तो मैंने जय श्रीराम कहा इस पर मैडम रेखा सोनी ने चांटा मार दिया था। इसकी शिकायत भी प्रिंसिपल मैडम से की थी। संस्था राम-राम के शैलेंद्रसिंह पंवार और जीतू रघुवंशी ने बताया कि हमें यहां के बच्चों ने सूचना थी कि सुधांशु सर और एक सोनी मेडम द्वारा हिंदू धर्म के बारे में टिप्पणी की जाती है। यहां पर बच्चों को बताया जा रहा है कि मंदिर ना जाकर चर्च में जाए। चर्च में प्रभु यीशु है, मंदिर में कोई भगवान नहीं होते हैं।
यह सभी मूर्तियां हैं इनको ना पूजा जाए और चर्च में जाए। इस मामले को लेकर हम स्कूल में आए थे। यहां पर सुधांशु सर से बात करना चाही लेकिन वे यहां नहीं आए। प्रिंसिपल मेडम से मिलकर चर्चा की थी। उन्होंने सोनी मेडम और सुधांशु सर से बात कर पूरा मामला देखा और पाया कि धर्म परिवर्तन को लेकर यहां एजेंडा चल रहा था। इसी को लेकर उन्होंने दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। हमारी संस्था यह चाहती है कि शहर के सभी स्कूलों में बच्चे आते और जाते समय हनुमान चालीसा का पाठ हो।