जावद। मन में अगर कुछ करने की लगन हो तो फिर उसे कोई नहीं रोक सकता, वह अपने लक्ष्य तक पहुंचता ही है। जिसके दिल में कुछ कर गुजरने की चाह होती है वह राह में नहीं रुकता है। इसी का एक जीता जागता उदाहरण जावद नगर परिषद अध्यक्ष सोहन माली है।
नगर में 1 वर्ष पूर्व जब नगरी निकाय चुनाव में सोहन माली ने बतौर भाजपा प्रत्याशी यह कहा था कि जनता मुझे अगर आशीर्वाद देती है तो जावद के विकास में कोई कसर नहीं छोडूंगा और जनता का भरपूर आशीर्वाद सोहन माली को मिला। जिसके परिणाम स्वरूप भाजपा ने नगर में 15 वार्डों में से 13 वार्डों में एकतरफा जीत हासिल की और क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा के आशीर्वाद से सोहन माली ने आज ही से 1 वर्ष पूर्व 6 अगस्त 2022 को नगर परिषद अध्यक्ष के रूप में शपथ ली थी। 6 अगस्त 2023 को उनके कार्यकाल का 1 वर्षीय पूर्ण हो रहा है, जिसको आज नगर में विकास पर्व के रूप में मनाया जा रहा है। जिसमें उनके द्वारा किए गए 1 वर्ष में सफल कार्य को जनता तक पहुंचाया जाएगा। सोहन माली ने जावद नगर में आधारभूत विकास कार्यों में जैसे स्वच्छता, सड़क, नाली एवं प्रकाश व्यवस्था के प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जीवन की एक बड़ी अनिवार्यता पेयजल भी है इस व्यवस्था में सुधार कर घर-घर तक नल कनेक्शन की व्यवस्था नवीन पेयजल पाइप लाइन के द्वारा माली ने करवाई है।
सोहन माली ने अपने 1 वर्ष के कार्यकाल में कई प्रमुख समस्याओं का अवलोकन कर निराकरण करवाया है। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में सुधार, नगर की पुरानी धरोहरों की रक्षा, नगर का सुंदरीकरण और अन्य कई क्षेत्र में विकास तथा समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक प्रयत्न किए हैं और साथ ही भावी विकास के कार्यों की योजनाओं के प्रारूप भी तैयार किए हैं। शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं तथा हितग्राहियों को अविलंब नियमानुसार सहायता सुलभ करवाने में भी सोहन माली ने अपेक्षित सफलता हासिल की है। इस 1 वर्ष में नगर परिषद ने कई विकास कार्य नगर में किए हैं, इन सब उपलब्धियों के हिसाब से 1 वर्ष काफी कम समय होता है, लेकिन नगर परिषद अध्यक्ष सोहन माली ने यह उपलब्धि हासिल करके दिखाई है। सोहन माली क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा के भी करीबी हैं। इस 1 वर्षीय कार्यकाल को नगर विकास के स्वर्णिम पथ पर अग्रसर करने में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा का भी सक्रिय सहयोग एवं उचित मार्गदर्शन सोहन माली को समय-समय पर मिलता रहा। करोड़ों रुपयों के विकास कार्यों से जन अपेक्षाओं को मूर्त रूप दिया है नगर परिषद अध्यक्ष सोहन माली ने ।
1 वर्ष की विकास कार्य की उपलब्धि को यही विराम नहीं देते हुए आज विकास पर्व के उपलक्ष में नगर में 12 करोड़ से अधिक के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन भी आज कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश सकलेचा, नगर परिषद अध्यक्ष सोहन माली द्वारा किया जायेगा । जिसमें श्याम वाटिका सुंदरीकरण, नगर परिषद भवन निर्माण, नारसिंह माता कॉलोनी और भी अन्य विकास कार्यों का भूमि पूजन आज विकास पर्व के उपलक्ष में किया जाएगा । विकास की ईबारत यही नहीं रुकेगी नगर हित में होने वाले कार्यों को प्राथमिकता से आगे लेकर बढ़ते रहेंगे जिससे जावद नगर का चाहुऔर विकास होकर रहेगा ।