देवास। जन-जन तक संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षा को पहुंचाने एवं समरसता भरे समाज की स्थापना के उद्देश्य से भाजपा की प्रदेश सरकार द्वारा निकाली जा रही समरसता यात्रा शनिवार को सोनकच्छ से हाटपीपल्या विधानसभा के जमगोद, खटांबा होती हुई देवास विधानसभा में पहुंची। यहां स्थानीय सयाजी द्वार से रैली के रूप में तहसील चौराहा, नावेल्टी चौराहा, गांजाभांग चौराहा होते हुए नाहर दरवाजा पहुंची। यहां पर एक जनसंवाद का कार्यक्रम हुआ। संत रविदास जी की निकाली जा रही समरसता यात्रा का रास्ते भर सभी समाज जनों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत वंदन किया। समरसता यात्रा में देवास विधायक श्रीमंत गायत्री राजे पवार,महापोर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल सभापति रवि जैन सहित भाजपा कार्यकर्ता और समाज जन मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि मंच पर कई समाजों के प्रतिनिधि उपस्थित हैं। पहले कहा जाता था कि रविदास जी दलित समाज के संत हैं, लेकिन आज भाजपा की सरकार में सभी समाजों के लोगों ने विधायक के नेतृत्व में इस यात्रा का स्वागत किया है, जो कि सामाजिक समरसता का संदेश देता है। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव खंडेलवाल ने कहा कि संत रविदास जी तथा अन्य संतों के युग में भारत विश्व गुरु था। संत रविदास जी के विचार और उपदेशों का अनुसरण कर हम पुनरू विश्व गुरु बन सकते हैं। कार्यक्रम को देवास विधायक गायत्रीराजे पवार ने संबोधित करते हुए कहा कि सागर में बन रहे मंदिर में मेरी विधानसभा क्षेत्र के गांवों व कस्बों से रविदास जी के मंदिर हेतु मिट्टी और जल जा रहा है, जो इस मंदिर निर्माण में लगेगा। यह हमारे लिए गर्व की बात है। विधायक पवार ने कहा कि जन्माष्टमी के अवसर पर शहर में हमारे परिवार द्वारा पिछले 120 वर्षों से दिंडी यात्रा निकाली जा रही है। इस दौरान चौबीस घंटे भजन कीर्तन होते हैं, जिसमें प्रति पहर अलग-अलग संप्रदाय के भजन होते हैं। 120 वर्ष पूर्व से रविदास जी के समाजजनों द्वारा यहां एक पहर भजन किए जा रहे हैं और यह परंपरा आज भी कायम है। नाहर दरवाजे पर आयोजित जनसंवाद में विभिन्न समाजों के अध्यक्ष व प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में स्वागत भाषण विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने दिया। संचालन जिला महामंत्री पंकज वर्मा ने किया व आभार संतोष पंचोली ने माना।