नीमच। सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र के 56वें स्थापना दिवस पर नीमच के मेहता स्टेडियम में भव्य और विशाल मेले का समारोह पूर्वक आयोजन किया गया। रविवार को सीआरपीएफ नीमच में ग्रुप केंद्र के स्थापना दिवस के उपलक्ष में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। इस गरिमामय अवसर पर आकर्षक तरीके से सजाये गए मेहता स्टेडियम की मनमोहक एवं अप्रतिम छटा देखते ही बन रही थी। निर्धारित समय पर मुख्य अतिथि अखिलेश प्रसाद सिंह आईजी सीटीसी नीमच के साथ ग्रुप केंद्र के डीआईजी एल एल सी खूप और उनकी धर्मपत्नी रिबेका एम सिमटे क्षेत्रिय कावा अध्यक्ष द्वारा मेले का फीता काटकर विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कैंपस के अधिकारी और उनके परिवारजन, जवान, महिलाएं तथा बच्चे उत्साह, उमंग और जोश के साथ मौजूद रहे।
शुभारंभ की घोषणा के साथ ही आईजी अखिलेश प्रसाद सिंह की अगुवाई में सभी अधिकारियों और उनके परिजनों ने मेले पर लगी स्वादिष्ट व्यंजनों और विभिन्न सामानों की स्टाल का अवलोकन किया। लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा और सामान की खरीदारी की। 12 वर्ष तक के बच्चों की म्यूजिकल चेयर हुई। स्पून रेस, रस्साकशी, दौड़, तंबोला, गेम सहित अनेक रोमांचक और मनोरंजक खेल भी खेले गए। मेले में लॉटरी के लकी ड्रा का आयोजन भी हुआ। इस खास मौके पर ग्रुप केंद्र के डीआईजी एलएलसी खूप ने बल की सर्वोत्तम परंपराओं के अनुसार मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से सीआरपीएफ के शहीदों के उत्तराधिकारी व परिजनों को भी आदर सहित आमंत्रित कर उन की मेहमान नवाजी की।
बताते चलें कि स्थापना दिवस के अवसर पर आज शाम को जिम्नेजियम हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी कमांडेंट देवेंद्र सिंह नेगी ने किया।