उज्जैन। कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने टीएल बैठक में जिले के सभी अधिकारियों को मेरी माटी-मेरा देश अभियान के सफल संचालन हेतु दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि अभियान में दिये गये निर्देश अनुसार स्मारक पट्टिकाओं का लोकार्पण, पंचप्रण शपथ व वसुधा वन्दन व वीरों का वन्दन जैसे सभी कार्यक्रमों को गंभीरतापूर्वक ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकायों में आयोजित किया जाये। उल्लेखनीय है कि यह अभियान 9 से 15 अगस्त तक ग्रामीण क्षेत्र एवं नगरीय निकायों में आयोजित होगा। इसी अभियान के तहत हर घर तिरंगा अभियान 13 से 15 अगस्त के बीच आयोजित किया जायेगा। इसके अन्तर्गत तिरंगे के साथ आमजन द्वारा सेल्फी लेकर वेबसाइट पर अपलोड किये जायेंगे। टीएल बैठक में नगर निगम आयुक्त रोशन कुमार सिंह, जिला पंचायत सीईओ अजयदेव शर्मा, एडीएम अनुकूल जैन, अपर कलेक्टर एमएस कवचे एवं सभी जिला अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे लोकार्पण एवं भूमि पूजन के सभी कार्यों को 15 अगस्त तक क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से करवाना सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने टीएल बैठक में ज्ञानोदय विद्यालय की शिकायत की जांच के बारे में जांच अधिकारी से जानकारी प्राप्त की। प्रभारी अधिकारी अजय हिंगे ने बताया कि ज्ञानोदय विद्यालय के छात्रावास में भोजन ठीक नहीं मिलने की शिकायत सही पाई गई है। कलेक्टर ने छात्रावास प्रभारी के निलम्बन की कार्यवाही करने तथा उपायुक्त आदिम जाति कल्याण के विरूद्ध कार्यवाही करने का प्रस्ताव संभागायुक्त को भेजने के निर्देश दिये हैं।