मुरैना। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मतदान के प्रति आमजन को जागरूक करने की योजना के तहत अशासकीय विद्यालय संचालकों से सहयोग लिया जा रहा है। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा स्वतंत्रता दिवस पर स्कूल व सार्वजनिक कार्यक्रम के तहत प्रस्तुत किये जाने वाले कार्यक्रमों का आधार मतदान वृद्धि होगा। आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुये प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव कराने की तैयारी तेज गति से शुरू कर दी है। वहीं प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सके इसके लिये अभी से मतदाता जागरूकता अभियान के तहत अनेक गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। मतदान केन्द्रों को दुरुस्त करने के साथ ही सुचारू मतदान कराने के लिये कर्मचारियों को अभी से प्रशिक्षण आरंभ कर दिया है। वहीं सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट का चयन कर उनको जिम्मेदारी सोंपी गई है। मुरैना जिले के 6 विधानसभा क्षेत्रों में 1702 मतदान केन्द्र की संख्या 3 बढक़र 1705 हो गई है। अधिक से अधिक मतदान के लिये अशासकीय विद्यालय संचालकगणों से भी सहयोग लिया जा रहा है। उनकी बैठक कर विभिन्न गतिविधियां संचालित करने के लिये योजना तैयार की गई है। संवेदनशील तथा अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों पर चुनाव शांति व निष्पक्षता के साथ कराने के लिये सुरक्षा व्यवस्था लगाये जाने की तैयारी पूर्ण की जा रही है। जिला प्रशासन के अधिकारियों को सौंपी गई पृथक-पृथक जिम्मेदारियों के तहत प्रशिक्षण के साथ व्यवस्थाओं को अंजाम देना आरंभ हो गया है। इसमें पत्रकारों को भी भागीदार बनाने के लिये जिला कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने पत्रकारों के साथ बैठक कर सहयेाग की अपेक्षा की है।