उज्जैन। जिले में टीकाकरण से वंचित जीरो से पांच वर्ष के बच्चों के लिये इन्द्रधनुष 5.0 अभियान 7 अगस्त से प्रारम्भ हो गया है। इस अभियान में विभिन्न विभागों के समन्वय के लिये जिला स्तरीय टास्क फोर्स की बैठक आज कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम की अध्यक्षता में आयोजित की गई। कलेक्टर ने बैठक में निर्देश दिये कि जिले में प्रत्येक बाल विकास परियोजना अधिकारी को अभियान का नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाये एवं छूटे हुए बच्चों की सूची तैयार कर सभी का टीकाकरण करवाया जाये। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दीपक पिप्पल, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ केसी परमार, महिला एवं बाल विकास परियोजना समन्वयक साबिर अहमद सिद्धिकी मौजूद थे।
टीकाकरण अभियान प्रारम्भ-
सोमवार को सघन मिशन इन्द्रधनुष 5.0 अभियान का शुभारंभ जिला स्तर पर मातृ एवं शिशु चिकित्सालय चरक भवन पर क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं डॉ संजय शर्मा द्वारा किया गया। शुभारंभ अवसर पर नियमित टीकाकरण के अन्तर्गत मिस्वा पिता इरशाद, मान्या पिता मयंक, नेहा पिता खुशाल व जीविका पिता राहुल को टीके लगाये गये। सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान के शुभारंभ अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ दीपक पिप्पल, सिविल सर्जन डॉ पीएन वर्मा सहित डॉ केसी परमार जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2, डॉ युपीएस मालवीय शिशु रोग विशेषज्ञ, डॉ निधि जैन आरएमओ चरक भवन, रतनसिंह जामले जिला कार्यक्रम प्रबंधक, आलोक शुक्ला सुपरवाईजर, चेतन जलान्द्रा एमआईएस, ममता मिश्रा नर्सिंग ऑफिसर, संगीता टेलर नर्सिंग ऑफिसर, रजनी वर्मा एएनएम, निधि साहू आशा कार्यकर्ता, नीता साहू आशा कार्यकर्ता सहित चरक भवन मे कार्यरत स्टाफ उपस्थित था।
उल्लेखनीय है कि भारत शासन के निर्देशानुसार प्रदेश में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम सुदृढीकरण एवं राष्ट्रीय टीकाकरण तालिका अनुसार 2 वर्ष तक के बच्चों को पूर्ण टीकाकृत करने एवं मीजल्स एवं रूबेला वैक्सीन की डोज से छूटे हुए 5 वर्ष उम्र तक बच्चों को टीकाकृत किये जाने हेतु सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान 5.0 प्रदेश के समस्त जिलों के साथ-साथ जिला उज्जैन मे भी आयोजित किया जा रहा है। सघन मिशन इन्द्रधनुष अभियान के प्रथम चरण का आयोजन दिनांक 7 से 12 अगस्त 2023 तक किया जायेगा। द्वितीय चरण 11 से 16 सितम्बर 2023 व तृतीय चरण 9 से 14 अक्टूबर 2023 को (कुल 7 कार्यदिवसों रविवार, अवकाश एवं नियमित टीकाकरण दिवसों को छोड़कर) किया जायेंगा। भारत शासन के निर्देशानुसार नियमित टीकाकरण के लिये यूविन पोर्टल विकसित किया गया है मिशन इन्द्रधनुष 5.0 का संचालन भी यूविन पोर्टल पर ही किया जायेगा।