देवास। कलेक्टर ऋषव गुप्ता के निर्देशन में मिशन इंद्रधनुष 5.0 का जिला स्तर एवं ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का शुभारम्भ किया गया। जिले में अभियान तीन चरणों में आयाजित होगा। पहला चरण 07 से 12 अगस्त, दूसरा चरण 11 से 16 सितम्बर तथा तीसरा चरण 09 से 14 अक्टूबर तक आयोजित होगा। अभियान में गर्भवती माताओं और 5 साल तक के बच्चों का टीकाकरण किया जा रहा।
जिला अस्पताल देवास में कार्यक्रम आयोजित कर अभियान का शुभारम्भ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विष्णुलता उईके ने अभियान का शुभारम्भ किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के टीकाकरण पश्चात यूवीन पोर्टल से जनरेट सर्टिफिकेट अभिभावक को प्रदान किया। इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ एमपी शर्मा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुनिल तिवारी, शहरी नोडल अधिकारी डॉ एमएस गोसर, आरएमओ डॉ अजय पटेल, डीपीएम कामाक्षी दुबे, जिला मीडिया अधिकारी कमलसिंह डावर, एमपीएम स्वीटी यादव, डीसीएम ओमप्रकाश मालवीय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।
कार्यक्रम में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ सुनिल तिवारी ने बताया कि इस बार मिशन इंद्रधनुष की सबसे खास बात ये रहेगी कि टीकाकरण यूवीन पोर्टल के माध्यम से पहली बार ये डिजिटल प्लेटफार्म पर किया जा रहा। जिले में प्रथम चरण 12 अगस्त तक चलाया जायेगा। इस दौरान जिले में 933 टीकाकरण सत्र आयोजित होंगे अभियान में 0 से 5 साल तक के 3 हजार 365 बच्चो और 595 गर्भवती माताओ को टीके लगाए जाएंगे।
सिविल सर्जन डॉ एमपी शर्मा ने बताया कि 5 साल तक के बच्चे और गर्भवती माताओं को टीके लगाये जा रहे है, अगर नियमित टीकाकरण मे किसी कारण से नियमित टीके लगाने से छूट गये है तो वे अपने निकटतम स्वास्थ्य कार्यकर्ता से सम्पर्क कर इस महत्वपूर्ण अभियान मे टीका अवश्य लगवाये। टीकाकरण यूवीन पोर्टल के माध्यम से हो रहा अब टीकाकरण की जानकारी सम्बंधित को यूवीन पोर्टल से मिल जायेगी इसका अधिक से अधिक प्रचार कर आमजन को जानकारी दी जावेगी। कार्यक्रम का संचालन मीडिया अधिकारी कमलसिंह डावर ने किया एवं आभार डीसीएम ओमप्रकाश मालवीय ने माना।