इन्दौर। जिले में प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी जिले में विभिन्न विभागों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जायेगा। यह पुरस्कार स्वंतत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को आयोजित जिले के मुख्य समारोह में प्रदान किया जायेगा। इसके लिये प्रस्ताव 12 अगस्त तक आमंत्रित किये गये हैं।
अपर कलेक्टर सपना लोवंशी ने बताया कि इसके लिये निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव कलेक्टर कार्यालय के जी-6 कक्ष में स्थित सामाजिक न्याय विभाग के कार्यालय में जमा किये जा सकते हैं। कार्यालय प्रमुखों को निर्देशित किया गया है कि उनके विभागान्तर्गत यदि किसी अधिकारी/कर्मचारी द्वारा उत्कृष्ट कार्य किया गया हो तो प्रस्ताव 12 अगस्त 2023 तक प्रस्ताव दे सकते हैं। गत वर्षो में पुरस्कृत किये गए अधिकारी/कर्मचारियों के नाम प्रस्ताव में सम्मिलित नही किये जायेंगे। निर्देश दिये गये है कि गत वर्षों में पुरस्कृत शासकीय सेवकों द्वारा इस वर्ष भी विशेष उपलब्धि प्राप्त की गई हो तो ही प्रस्ताव भिजवाना सुनिश्चित करें।
चयन के लिये समिति गठित-
पुरस्कार के लिये अधिकारी/कर्मचारियों के चयन के लिये कलेक्टर डॉ इलैयाराजा टी ने एक समिति का गठन किया है। इस समिति में अपर कलेक्टर राजेन्द्र रघुवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत वंदना शर्मा, एसडीएम कल्याणी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मुख्यालय, संयुक्त संचालक सामाजिक न्याय एवं उप संचालक जनसम्पर्क को शामिल किया गया है।