खरगोन। नगर पालिका परिषद की साधारण व्यापक सभा का आयोजन मंगलवार को कार्यालय के सभाकक्ष में किया गया। नपा सीएमओ एमआर निगवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में प्रस्तुत एजेण्ड में उल्लेखित विषयों का वाचन प्रारम्भ करते हुए सर्वप्रथम नगर पालिका के समस्त आवश्यक कार्य संचालन/संधारण के लिए दो फायर फायटर और दो जेसीबी मशीन क्रय करने एवं आउटसोर्स पर कर्मचारियों को कार्य पर रखे जाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसी प्रकार सड़क सुरक्षा उपकरण क्रय किए जाने कुंदा नदी किनारे चौपाटी पर निर्मित गुमठियों को आवंटन किए जाने, प्रधानमंत्री आवास योजनांतर्गत निर्मित आवास के मध्य कम्यूनिटी हॉल का निर्माण किए जाने, कायाकल्प योजनांतर्गत कराये जाने वाले कार्य की दर स्वीकृति के साथ ही नगर के समस्त वार्डाें में विभिन्न प्रकार के निर्माण कार्यों हेतु प्रत्येक वार्ड में राशि रूपये 35 लाख के निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई। वहीं मुख्यमंत्री अधोसंरचना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत नगर कसरावद रोड़ पर श्री नवग्रह मंदिर तिराहे से केन्द्रीय विद्यालय तक सड़क चौडीकरण, डिवाईडर निर्माण एवं सेन्ट्रल लाईटिंग का कार्य कराये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।
बैठक में नपा अध्यक्ष छाया अरूण जोशी, उपाध्यक्ष भोलू कर्मा, सांसद प्रतिनिधि राजेश रावत, विधायक प्रतिनिधि जितेन्द्र भावसार, सभापति लोक निर्माण समिति चंद्रपालसिंह तोमर, सभापति स्वास्थ्य समिति पूजा जितेन्द्र चोपड़ा, सभापति राजस्व समिति महेश वर्मा, सभापति योजना एवं यातायात बेबी मण्डलोई, सभापति सामान्य प्रशासन धीरेन्द्रसिंह चौहान, सभापति शहरी गरीबी उपशमन विभाग संध्या दांगी, सभापति जलकार्य विभाग दुर्गा किशोर राठौर एवं समस्त पार्षदगण उपस्थित रहे।