दूदरसी। भारत सरकार के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश शासन के तत्वावधान में प्रत्येक ग्राम पंचायत अंतर्गत शासकीय शालाओं में मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें प्राथमिक विद्यालय दूदरसी शाला परिसर से प्रभातफेरी निकाली गई। जिसमें मावि और प्रावि के छात्र छात्राओं ने बड़ी उत्सुकता से भाग लिया। उनके साथ दोनों शालाओं के अध्यापकों सरपंच विमला बाई शंभुलाल मेघवाल सचिव सोहनलाल शर्मा विष्णु नागर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहायिकाओं एवं स्व सहायता समूह की दीदी ने भी शिरकत कर कलश सिर पर रखकर कदमताल किया। यहां से प्रभातफेरी मावि पहुंची।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण धाकड़ के आतिथ्य में सरपंच विमला बाई मेघवाल ने झंडा वंदन किया एवं ध्वज को सलामी दी। तत्पश्चात राष्ट्रगान हुआ। यहां मिडिल स्कूल बाउंड्री में मुख्य अतिथि व सरपंच द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि लक्ष्मी नारायण धाकड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज हम भारत के प्रधानमंत्री मोदी के आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के अंतर्गत यहां इस विशेष कार्यक्रम में उपस्थित हुए हैं। यह आजादी हमें उन महाविभूतियों की याद दिलाती है जिन्होंने इस देश को आजादी दिलाने में अपने प्राणों की आहुति दी है। हम उनके पदचिन्हों पर चलें और राष्ट्र निर्माण में अपना सहयोग दें। दीन दुखियो की मदद करें यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर अध्यापक अक्षय पुरोहित ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक नंदलाल पाटीदार ने किया और आभार आजाद शर्मा अध्यापक ने किया।