नीमच। शहर के बारादरी में 6 वर्ष से 14 वर्ष की आयु वर्ग के दिव्यांग स्कूली बच्चों के लिए विशाल चिकित्सीय मूल्यांकन शिविर का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा केंद्र और जनपद शिक्षा केंद्र नीमच द्वारा आयोजित इस शिविर में दृष्टिबाधित, मंदबुद्धि, बौद्धिक अक्षमता, श्रवण बाधित, दृष्टिबाधित और अस्थि बाधित दिव्यांग बच्चों की जांच जबलपुर से आई एलिम्को और जिला चिकित्सालय नीमच की टीम के डॉक्टर्स द्वारा की गई। बताते चलें कि चिन्हांकन के पश्चात चयनित बच्चों को आगामी शिविर में आवश्यक और उपयोगी उपकरण प्रदान किए जाएंगे। शिविर में करीब डेढ़ सौ बच्चों की जांच की गई। साथ ही जिन बच्चों के विकलांग होने के प्रमाण पत्र जारी नहीं हुए हैं उनके प्रमाण पत्र भी शिविर में जारी किए गए।
शिविर में डॉ नेहा अग्निहोत्री, डॉक्टर महेंद्र पाटील, डॉक्टर संगीता भारती, डॉक्टर शुभम जैन, डॉ बीके वर्मा, डॉ स्वाति वधवा ने अपनी सेवाएं दी। इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार, कलेक्टर दिनेश जैन, सीईओ गुरुप्रसाद और डिप्टी कलेक्टर किरण आंजना अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।