सिंगोली। बुधवार को सुबह करीब 11 बजे सिंगोली नगर परिषद परिसर में मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत ध्वजारोहण किया गया। पश्चात राष्ट्रगान हुआ और पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
बुधवार दोपहर बाद इस आशय की जानकारी देते हुए सीएमओ कैलाशचंद शर्मा ने बताया कि प्रदेश शासन द्वारा आजादी का अमृत महोत्सव के तहत प्रदेश भर में 09 अगस्त से मेरी माटी मेरा देश अभियान की शुरुआत की गई है, जो आगामी 30 अगस्त तक जारी रहेगा। इस अभियान के तहत निकाय स्तर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस बाबत बुधवार को महिलाओं द्वारा सर पर अमृत कलश लेकर कलश यात्रा भी निकाली गई, तथा नगर परिषद द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमे स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने टंकी परिसर में पौधे लगाए।
इस मौके पर नगर परिषद अध्यक्ष सुरेश जैन, उपाध्यक्ष मोतीलाल धाकड़, सीएमओ कैलाश चंद शर्मा, अभियान प्रभारी कपिल शर्मा सिंह राजावत और पार्षदगण, निकाय कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद रहे।