इंदौर। NEET कोचिंग सेंटर के फैकल्टी हेड पर एक छात्रा ने प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि मैं बार-बार सवाल करती हूं तो सर भरी क्लास में मेरा मजाक उड़ाते हैं। मुझे सबके सामने नीचा दिखाते हैं। छात्रा ने मामले की शिकायत बुधवार को तुकोगंज थाने में की।
इसके बाद छात्रा के पिता अपने दोस्त के साथ आरोपी फैकल्टी हेड से मिलने पहुंचे। वे नहीं आए। पिता ने बताया, 'फैकल्टी हेड ने सिर्फ मोबाइल पर ही बात की। वे सेंटर की महिला स्टाफ से बदसलूकी का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत करने की धमकी देने लगे।' इस पर स्टूडेंट और उसके पिता फिर तुकोगंज थाने पहुंचे। यहां सब इंस्पेक्टर शैलेन्द्र अग्रवाल को आवेदन सौंपा।
इस मामले में फैकल्टी हेड ने छात्रा द्वारा लगाए सभी आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने कहा है कि छात्रा एडमिशन के समय से ही झूठ बोल रही है।
पढ़िए छात्रा की जुबानी, क्लास में हुई प्रताड़ना की पूरी कहानी...
मैं सलोनी जैन, NEET की तैयारी के लिए अपने गांव दसई से इंदौर आई हूं। मैंने एमजी रोड स्थित नारायणा कोचिंग सेंटर में 27 जून को एडमिशन लिया था। कोचिंग में डॉ. पुष्पेन्द्र वर्मा सर द्वारा ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीके से पढ़ाया जाता है।
सर भरी क्लास में सभी बच्चों के सामने बार-बार मुझे टारगेट करते हैं। वे मजाक उड़ाने वाले लहजे में कहते रहते हैं- ये बच्ची डॉक्टर बनेगी। इसे कुछ नहीं आता। चली डॉक्टर बनने, घर जाओ, तुमने गलत विषय चुन लिया है। बच्चों, बजाओ ताली।
ऐसा कहते हुए वे मुझे क्लास से बाहर कर देते हैं। बार-बार मुझे इसी तरह से प्रताड़ित किया गया। मैंने परिजन को यह बात बताई तो सर ने मिलने से मना कर दिया। कोचिंग स्टाफ द्वारा भी अभद्र व्यवहार किया गया। पुष्पेन्द्र सर ने पूरी क्लास के सामने मुझे कुर्सी पर खड़ा करके कहा कि ये लड़की कभी डॉक्टर नहीं बन पाएगी। इससे मेरा मानसिक संतुलन बिगड़ रहा है।