इंदौर। 48 वर्षीय कमला बाई की मौत हत्या में बदल गई। खुड़ैल थाना पुलिस ने उसके परिचित वीरू उर्फ आनंद राव के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। आनंद ही महिला को एमवाय अस्पताल लेकर गया था। उसने फर्जी नाम से महिला को भर्ती करवाया था।
एसपी (ग्रामीण) सुनील मेहता के मुताबिक, शिवदर्शन नगर (मूसाखेड़ी) निवासी कमला बाई तेजाजी नगर क्षेत्र में ढा़बा चलाती थी। 21 जून को शाम करीब 5 बजे उसका परिचित वीरू उर्फ आनंद राव निवासी आलोक नगर आजाद नगर उसे फ्लैट दिखाने के बहाने आटो रिक्शा से निलगिरी परिसर दुधिया (खुड़ैल) ले गया था। आरोपित से विवाद हुआ और वीरू ने कमला बाई के सिर पर वार कर दिया।
हमला करने के बाद वीरू खुद ही कमला बाई को एमवाय अस्पताल लेकर गया और उसने स्वयं का नाम संतोष बताया। गुमराह करने के लिए वीरू ने कमला के बेटे राकेश उर्फ मुकेश को भी कॉल लगाकर बताया कि कमला अस्पताल में भर्ती है। एसपी के मुताबिक, पीएम रिपोर्ट और राकेश के कथनों के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया गया है।